भयानक हादसा: JCB से टकराई कार के उड़े परखच्चे, एक युवक की मौत...दूसरा गंभीर घायल
punjabkesari.in Friday, Jun 19, 2026 - 04:28 PM (IST)
सुंदरनगर (सोढी): मंडी जिले के सुंदरनगर उपमंडल के जड़ोल फोरलेन पर एक भयानक सड़क हादसा पेश आया है। यहां एक अनियंत्रित कार सड़क किनारे खड़ी जेसीबी से जा टकराई। टक्कर इतनी भयानक थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। इस हादसे में उत्तर प्रदेश के एक युवक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया, जबकि पंजाब के रहने वाले साथी का इलाज किया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार जड़ोल में फोरलेन के किनारे नालियों की सफाई का काम चल रहा था। इसी कार्य में लगी एक जेसीबी रेन शैल्टर के ठीक सामने सड़क किनारे खड़ी थी। गुरुवार शाम को अचानक एक तेज रफ्तार कार बेकाबू हो गई और पीछे से सीधे जेसीबी में जा घुसी। हादसा होते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और कड़ी मशक्कत के बाद कार में फंसे दोनों बुरी तरह घायल युवकों को बाहर निकालकर फौरन अस्पताल पहुंचाया।
इस हादसे में घायल रायबरेली (उत्तर प्रदेश) के रहने वाले राहुल सिंह (34) की हालत बेहद नाजुक थी। प्राथमिक उपचार के बाद उसे एम्स बिलासपुर रैफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं लुधियाना (पंजाब) के रहने वाले साहिल अरोड़ा (34) का अस्पताल में इलाज जारी है। इस हादसे को लेकर मंडी पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। एसपी विनोद कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने दुर्घटना का मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के असल कारणों की बारीकी से जांच की जा रही है।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

