Himachal: चिंतपूर्णी में भयानक हादसा, आग लगने के बाद गहरी खाई में गिरी कार...2 सवारों की गई जान
punjabkesari.in Wednesday, Apr 29, 2026 - 05:55 PM (IST)
चिंतपूर्णी: चिंतपूर्णी क्षेत्र के अंतर्गत एक हृदयविदारक सड़क हादसा पेश आया है। प्रारंभिक सूचना के अनुसार इस हदासे में 2 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई है। यह हादसा भरवाईं के समीप आर्यन स्कूल के नजदीक पेश आया, जहां एक स्विफ्ट डिजायर कार आग लगने के बाद गहरी खाई में जा गिरी। हादसे का पूरा वीडियो वहां लगे एक सीसीटीवी कैमरा में रिकॉर्ड हुआ है। रिकॉर्डिंग के अनुसार सबसे पहले कार के पिछले टायर के पास धमाका हुआ, जिससे आग निकली और उसके बाद कार अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी।
वहीं घटना की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। मौके पर दमकल विभाग की टीम तुरंत पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद कार में लगी आग पर काबू पाया। वहीं, पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से खाई में उतरकर शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एसएचओ जयराम शर्मा ने बताया कि पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है ताकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके। कार खाई में गिरने के बाद पूरी तरह जल चुकी है और मृतकों की पहचान नहीं हो रही। हादसे में मारे गए व्यक्ति (लुधियाना) पंजाब के बताए गए हैं।
फिलहाल हादसे में जान गंवाने वाले कार सवारों के बारे में अधिक जानकारी जुटाई जा रही है। वहीं डीएसपी अनिल पटियाल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि 2 लोगों के शव बरामद कर लिए गए हैं। इस दुखद घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

