कैबिनेट मंत्री का विपक्ष पर हमला, बोले- सदन में मर्यादा भूल रहे कांग्रेसी (Video)

punjabkesari.in Tuesday, Aug 20, 2019 - 12:45 PM (IST)

शिमला (तिलक राज): परिवहन मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने कहा कि सरकार जल परिवहन को लेकर शीघ्र ही ठोस योजना बनाएगी। परिवहन मंत्री विधानसभा में नियम-130 के तहत जल परिवहन को लेकर ठोस नीति बनाए जाने के विधायक राकेश जम्वाल द्वारा लाए गए प्रस्ताव पर हुई चर्चा के जवाब में बोल रहे थे। गोविंद ठाकुर ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार ने अपने पहले कार्यकाल में प्रदेश के लिए 4 जलमार्ग अधिसूचित किए थे, लेकिन पूर्व कांग्रेस सरकार ने इस पर कोई कार्य नहीं किया। उन्होंने कहा कि मौजूदा जयराम सरकार के सत्ता में आने के बाद इस मामले को आगे बढ़ाया गया और हाल ही में 20 व 21 जुलाई को केंद्र सरकार की वाटर वेज अथॉरिटी के एक विशेषज्ञ ने कौल डैम का दौरा किया।

उन्होंने कहा कि पहले चरण में 3 रूटों पर जल परिवहन सेवा शुरू होगी। इसमें गोविंद सागर झील, कौल डैम और चमेरा डैम शामिल हैं। इन रूटों को डिवैल्प करने के लिए रा’य सरकार ने 26.1 करोड़ की डी.पी.आर. केंद्र सरकार को मंजूरी के लिए भेजी है। भाखड़ा बांध में जल परिवहन सेवा को शुरू करने के लिए 21.86 करोड़ की परियोजना रिपोर्ट तैयार की गई है। चमेरा बांध पर 2.69 और कोल बांध के लिए 1.55 करोड़ रुपए जल परिवहन सेवा को शुरू करने के लिए खर्च किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि जल परिवहन के विकास की संभावनाएं अपार नहीं बल्कि सीमित हैं। हिमाचल में वाटर ट्रांसपोर्ट की संभावनाओं का पता लगाने के लिए सरकार ने कंसल्टैंट की सेवाएं लीं।

रिपोर्ट के आधार पर भाखड़ा बांध में जलमार्ग परिवहन की संभावनाएं हैं, जबकि कौल और चमेरा डैम में इन गतिविधियों की संभावनाएं बहुत कम हैं। रिपोर्ट के अनुसार इन जलाशयों में टर्मिनल विकसित करने पर 100 करोड़ रुपए खर्च करने का अनुमान था। इसका वास्तविक व्यय आकलन विस्तृत यातायात और तकनीकी अध्ययन से किया जा सकता है।  इस क्षेत्र को यात्री परिवहन, माल वाहक, पर्यटन और जल क्रीड़ा की गतिविधियों के लिए एक सीमा तक विकसित किया जाएगा। इससे पहले सुंदरनगर के विधायक राकेश जम्वाल द्वारा नियम-130 के अंतर्गत जल परिवहन पर ठोस नीति बनाए जाने का प्रस्ताव सदन में पेश किया गया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में जल परिवहन की बहुत अच्छी संभावनाएं हैं। खासकर बड़े बांधों में जल परिवहन को आसानी से विकसित किया जा सकता है। 

मनोरंजन पार्क किए जाएंगे विकसित

परिवहन मंत्री ने कहा कि चमेरा जलाशय के चारों तरफ मनोरंजन पार्क विकसित किए जाएंगे। यहां पर तरेरु बिंदु से पर्यटन घाट के पास काफी ऊंचाई पर स्थित एक मंदिर के लिए रोप-वे स्थापित करने की संभावनाओं को तलाशा जाएगा। इसके अलावा सुन्नी, तत्तापानी क्षेत्र में तीन और कसौल गांव में एक जैटी विकसित किया जा सकता है।

यही हाल रहा तो संख्या दो-चार तक सिमट जाएगी  

विधायक राकेश पठानिया ने प्रस्ताव का समर्थन किया और कहा कि यदि विपक्ष इस तरह से पेश आएगा तो आने वाले समय में सदन में कांग्रेस के दो-चार विधायक ही रह जाएंगे। विधायक सुभाष ठाकुर ने गोबिंद सागर में सफलतापूर्वक चल रही नौकाओं का जिक्र किया। विधायक जे.आर. कटवाल और होशियार सिंह ने भी चर्चा में भाग लिया।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Ekta

Recommended News

Related News