सोलन में दर्दनाक हादसा, अनियंत्रित होकर खाई में गिरा बुलडोजर...उड़े परखच्चे; चालक की मौत
punjabkesari.in Friday, May 08, 2026 - 12:24 PM (IST)
Solan Accident : हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में गुरूवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ, जहां PWD का बुलडोजर अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। इस हादसे में चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका सहायक सुरक्षित बच गया।
बुलडोजर के उड़े परखच्चे
जानकारी के मुताबिक, हादसा कसाैली क्षेत्र की ग्राम पंचायत दाड़वा के तहत जतरोग-कामली-डांगरी संपर्क मार्ग पर हुआ। मृतक चालक की पहचान गोपाल दास निवासी गांव करली (शिमला) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि लोक निर्माण विभाग द्वारा जतरोग-कामली-डांगरी संपर्क मार्ग पर सड़क चौड़ीकरण और मरम्मत का किया जा रहा था। गुरुवार दोपहर करीब 2:30 बजे कामली क्षेत्र में सड़क किनारे की जमीन अचानक धंस गई। इससे सड़क पर चल रहा बुलडोजर संतुलन खो बैठा और नीचे की ओर दूसरी सड़क पर जा गिरा। हादसा इतना जबरदस्त था कि 250 फीट नीचे गिरते ही बुलडोजर के परखच्चे उड़ गए। इस हादसे में चालक गोपाल दास की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका सहायक सुरक्षित बच गया।
जांच में जुटी पुलिस
इधर, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच में जुट गई है। बताया जा रहा है कि गोपाल दास इसी महीने सेवानिवृत्त होने वाले थे। घर में उनकी विदाई और रिटायरमेंट की खुशियों की तैयारी चल रही थी, लेकिन इस अनहोनी से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। एसपी टीएसडी वर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया है और दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।

