रिश्ते हुए तार-तार! भाई ही निकला दरिंदा...नाबालिग बहन से की गंदी हरकत, पुलिस ने किया गिरफ्तार
punjabkesari.in Saturday, Apr 18, 2026 - 03:04 PM (IST)
हमीरपुर (अजय चौहान): हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले में रिश्तों को कलंकित करने वाला एक बेहद शर्मनाक मामला सामने आया है, जिसने समाज और मानवता को झकझोर कर रख दिया है। एक युवक ने रिश्तों को तार-तार करते हुए अपनी नाबालिग बहन को यौन शोषण का शिकार बनाया है। सूचना मिलने के बाद हमीरपुर महिला थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान रोहित कुमार (21) निवासी गांव बोट, तहसील बंगाणा व जिला ऊना के रूप में हुई है। आरोपी ने न केवल विश्वासघात किया, बल्कि पीड़िता को बहला-फुसलाकर कई बार अपनी हवस का शिकार बनाया। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार आरोपी ने सबसे पहले 17 और 18 फरवरी को और इसके बाद 10 अप्रैल को पीड़िता का यौन शोषण किया।
इसके बाद पीड़िता ने बीते वीरवार को अपने परिजनों को आपबीती सुनाई, जिस पर मामले की शिकायत पुलिस में की गई। शिकायत मिलते ही पुलिस ने आरोपी को उसकी बहन के घर से ही दबोच लिया। हमीरपुर महिला थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे सलाखों के पीछे भेज दिया है।
मामले की पुष्टि करते हुए एडिशनल एसपी राजेश उपाध्याय ने बताया कि घटना बेहद संवेदनशील है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए नियमानुसार सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में ला रही है।

