Hamirpur: नादौन में पुल के नीचे संदिग्ध परिस्थितियों में मिला तेंदुए का शव, वन विभाग ने जताई ये आशंका

punjabkesari.in Wednesday, Jan 07, 2026 - 07:35 PM (IST)

नादौन (जैन): नादौन-सुजानपुर संपर्क मार्ग पर जीहण के निकट सलासी पुल के नीचे बुधवार काे एक तेंदुए का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृत तेंदुए की उम्र लगभग 5 वर्ष बताई जा रही है। शव से तेज दुर्गंध आने के कारण आशंका जताई जा रही है कि इसकी मौत कुछ समय पहले ही हो चुकी थी।

बुधवार सुबह जब स्थानीय लोगों ने पुल के नीचे तेंदुए को मृत अवस्था में देखा तो उन्होंने तुरंत इसकी सूचना पंचायत उपप्रधान मनोज कुमार को दी। उपप्रधान ने तत्परता दिखाते हुए वन विभाग को सूचित किया, जिसके बाद विभाग की टीम मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में ले लिया। मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने तेंदुए की हत्या की आशंका जताई है। हालांकि, वन विभाग ने प्रारंभिक जांच के बाद बताया कि तेंदुए के शरीर के एक हिस्से पर चोट के निशान मिले हैं। विभाग का मानना है कि किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आने से तेंदुए की मौत हुई हो सकती है।

सूचना मिलते ही डॉ. पंकज लखनपाल ने अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचकर शव का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि तेंदुए के शरीर पर चोट के निशान हैं और शव की स्थिति को देखकर लगता है कि इसकी मौत शव मिलने से करीब 16 घंटे पहले हुई थी। वन विभाग की देखरेख में तेंदुए के शव का पोस्टमार्टम करवाया गया, जिसके बाद विभागीय प्रक्रिया के अनुसार उसे जला दिया गया। विभाग के कार्यकारी वन परिक्षेत्र अधिकारी सुरेश कुमार ने बताया कि मौत के असली कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा। फिलहाल वन विभाग ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है और पुलिस में भी इस संबंध में शिकायत दर्ज करवा दी गई है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News