मंडी में मिले दो नवजात बच्चियों के शव, पुलिस ने किया मां को गिरफ्तार

punjabkesari.in Sunday, Sep 19, 2021 - 03:42 PM (IST)

मंडी : मंडी जिला मुख्यालय मंडी में दो नवजात बच्चियों के शव बरामद हुए हैं। मंडी के सकोडी पुल के नीचे यह शव बहते नाले में मिले हैं। पुलिस मौके पर पहुंच गई है व मामले की जांच की जा रही है। सुबह यहां से गुजर रहे एक युवक ने शव देखे। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के लोगों के भी बयान दर्ज कर रही है। बताया जा रहा है ये जुड़वा हैं। पुलिस ने दोनों शवों को खड्ड से निकालकर कब्जे में ले आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। दोनों लड़कियां बताई जा रही हैं, इनकी उम्र तीन माह के करीब मानी जा रही है। 

पुलिस ने पूरे मामले में तत्परता दिखाते हुए चंद ही घंटों में दोनों बच्चियों की मां को गिरफ्तार कर लिया है। मिली जानकारी के मुताबिक 35 वर्षीय विवाहित महिला प्रेमी के साथ भाग गई थी। लेकिन वह वहां पर खुश नहीं थी और अपने पति के पास वापस आना चाहती थी। घर वापस में आने में बच्चियां बाधा न बने इसलिए महिला ने जुड़वा बच्चियों को खड्ड में फेंक दिया जहां दोनों की मौत हो गई। इस वारदात से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। एसपी शालिनी अग्निहोत्री ने बताया कि बच्चियों की मां को गिरफ्तार कर लिया गया है।

पुलिस के मुताबिक एक निजी अस्पताल में कार्यरत सुहड़ा मोहल्ला निवासी पंकज कुमार सुबह अपनी ड्यूटी से छुट्टी कर घर जा रहे थे तो उनकी नज़र पुल के पास फंसे इन बच्चों पर पड़ी। उन्होंने पहले इनको गुड्डी या टेडी समझा। लेकिन जब नजदीक जाकर देखा तो ये बच्चे थे। दोनों को अच्छे कपड़े पहनाए हुए थे। बच्चों की उम्र तीन माह तक बताई जा रही है। बच्चों के शव मिलने की सूचना मिलते ही, लोगों का हुजूम वहां लग गया। पुलिस को घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची और शवों को खड्ड से निकालकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। एसएचओ मंडी विनोद ठाकुर ने बताया सूचना मिलते ही बच्चों के शवों को निकाल लिया गया है। आगामी कार्रवाई जारी है। नगर निगम की पार्षद नेहा ने बताया कि सूचना मिलते वह भी मौके पर पहुंची तो देखा कि एक बच्चा मुंह के बल पानी में गिरा था और दूसरे का मुंह ऊपर की ओर था। वहीं मौके पर मौजूद स्वाति और ईशू ने पुलिस से इस कृत्य को करने वाले लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

prashant sharma

Recommended News

Related News