कांग्रेस सरकार 10 जन्म में भी पूरी नहीं कर पाएगी अपनी 10 गारंटियां : जयराम

Saturday, May 20, 2023 - 08:14 PM (IST)

शिमला (कुलदीप): पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा है कि हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार 10 जन्म में भी अपनी 10 गारंटियों को पूरा नहीं कर पाएगी। उन्होंने यह बात भाजपा प्रदेश डाॅ. राजीव बिंदल की अध्यक्षता में हुई प्रदेश कार्यसमिति बैठक को संबोधित करते हुए कही। बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 9 वर्ष पूरा होने के अवसर पर एक माह तक चलने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई, जिसमें भाजपा सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाया जाएगा। केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण तथा युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री अनुराग ठाकुर, भाजपा प्रदेश प्रभारी संजय टंडन, पूर्व प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुरेश कश्यप, महामंत्री राकेश जम्वाल, त्रिलोक कपूर, त्रिलोक जम्वाल, सांसद किशन कपूर, इंदु गोस्वामी, डाॅ. सिकंदर कुमार एवं पंजाब भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुभाष बाराला सहित अन्य कार्यसमिति के सदस्य उपस्थित थे। हालांकि पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार और प्रो. प्रेम कुमार धूमल इस बैठक में नहीं आए। जयराम ठाकुर ने कहा कि केंद सरकार के 9 साल के कार्यकाल पर कोई उंगली नहीं उठा सकता जबकि इससे पहले केंद्र में रही यूपीए सरकार में भ्रष्टाचार का बोलबाला था। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में सत्ता परिवर्तन के बाद विकास के कार्य रुके पड़े हैं। इसके विपरीत प्रदेश में कांग्रेस सरकार ने राजनीतिक द्वेष की भावना से काम करते हुए जनहित में खोले गए 950 संस्थान बंद कर दिए। 

मोदी के नेतृत्व में भारत मदद देने वाला देश बन गया : अनुराग
केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण तथा युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज भारत मदद लेने की बजाए मदद देने वाला देश बन गया है। उन्होंने कहा कि 9 वर्ष के दौरान भारत ने पूरे देश में अपनी साख बनाई है। केंद्र सरकार ने 3.60 लाख से ज्यादा लोगों को पक्का मकान बनाकर दिए। इसके अलावा आयुष्मान भारत में 5 लाख लोगों के ईलाज के लिए धनराशि उपलब्ध करवाई। केंद्र सरकार ने भारत रत्न बाबा साहिब डा. भीमराव अंबेडकर को उचित मान-सम्मान दिया और उनसे जुड़े स्थानों को तीर्थ बनाने का काम किया। केंद्र सरकार ने कोविड-19 के दौरान न केवल देशवासियों की जान बचाई, बल्कि अनेक देशों को मुफ्त वैक्सीन दी। इस तरह मुश्किल समय व युद्ध में फंसे भारतीयों को सुरक्षित देश पहुंचाया। रक्षा के क्षेत्र में भारत ने 16 हजार करोड़ रुपए का एक्सपोर्ट किया है। साथ ही इस वित्त वर्ष में भारत 25 हजार करोड़ का एक्सपोर्ट करेगा और आने वाले वर्षों में 40 हजार करोड़ रुपए तक एक्सपोर्ट करेगा। हमारे देश के लिए बहुत बड़ी उपलब्धि है। इस तरह भारत आज विश्व की 5वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनकर सामने आई। हिमाचल प्रदेश को भी केंद्र सरकार ने बल्क ड्रग पार्क सहित एम्स जैसे कई संस्थान दिए है। 

कांग्रेस ने छल, कपट व मायाजाल से भाजपा को सत्ता से बाहर किया : बिंदल
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डाॅ. राजीव बिंदल ने आरोप लगाया कि कांग्रेस प्रदेश की सत्ता में छल, कपट व मायाजाल से सत्ता में आई है। उन्होंने कहा कि वह प्रदेश भाजपा अध्यक्ष के रुप में सभी शक्तियों का प्रयोग करते हुए पार्टी को आगे बढ़ाने का काम करेंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेता इन दिनों भाजपा पर बड़ी-बड़ी टिप्पणियां कर रहे हैं लेकिन उसे यह मालूम होना चाहिए कि आज देश के 18 राज्यों में भाजपा की सरकारें हैं। हिमाचल प्रदेश में भी भाजपा महज 0.9 फीसदी वोटों के अंतर से चुनाव हारी है। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं पूर्व भाजपा सरकार की योजनाओं से प्रदेश के अनेकों लोगों को लाभ पहुंचा है। ऐसे में केंद्र सरकार के 9 वर्ष बेमिसाल रहे है, जिसमें हर घर को पानी, किसानों के खाते में राशि देने और बीमार लोगों को मदद पहुंचाई है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा कार्यकर्ताओं के दम पर एक बार फिर से मजबूत सरकार बनेगी।

पूर्व कांग्रेस सरकारों पर मोदी के 9 वर्ष भारी : खन्ना
भाजपा प्रदेश प्रभारी अविनाश राय खन्ना ने कहा कि केंद्र में कई दशकों तक राज करने वाली कांग्रेस की पूर्व सरकारों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 9 वर्ष भारी पड़ रहे हैं। आज भारतीय नागरिकों को विदेश में अलग पहचान मिली है। इसके अलावा प्रधानमंत्री ने अंतिम पंक्ति में बैठे वंचित वर्ग तक मदद पहुंचाने का काम किया है।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay