Sirmaur: राजीव बिंदल ने सरकार के इस वरिष्ठ मंत्री पर लगाया पाकिस्तान की तरफदारी करने का आरोप, बोले-नजरिया स्पष्ट करो

punjabkesari.in Sunday, May 18, 2025 - 05:43 PM (IST)

नाहन (आशु): जिला सिरमौर में तिरंगा यात्राओं के निमित की जा रहीं बैठकों को सम्बोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डाॅ. राजीव बिंदल ने कहा कि प्रदेश सरकार के वरिष्ठ कैबिनेट मंत्री चौधरी चंद्र कुमार बार-बार पाकिस्तान की तरफदारी का बयान जारी कर भारत की संप्रभुता और भारत के लोगों के प्रति अपना नजरिया स्पष्ट कर रहे हैं। बिंदल ने कहा कि पाकिस्तान प्रायोजित निर्मम हत्याएं धर्म पर आधारित करके जिहाद के तौर पर की गई और मंत्री पाकिस्तान की तरफदारी करते हुए दिखाई दे रहे हैं। पाकिस्तान हमारे लोगों पर बर्बर गोलियां चला रहा है और मंत्री जी टेबल पर बात करने की बात कर रहे हैं। बिंदल ने सवाल किया कि मंत्री ये पाकिस्तान परस्ती क्यों दिखा रहे हैं और वह इसे स्पष्ट करें, अन्यथा भारत की जनता से माफी मांगें। पूरा देश भारतीय सेनाओं के शौर्य, पराक्रम की भूरि-भूरि प्रशंसा कर रहा है और प्रधानमंत्री मोदी की कूटनीति और राजनीतिक इच्छा शक्ति का पूरा देश कायल है। दूसरी तरफ कांग्रेस के मंत्री पाकिस्तान की हिमायत कर रहे हैं। यह निंदनीय ही नहीं बल्कि अक्षम्य अपराध है।

सरकार ने प्रदेश से पाकिस्तानियों को बाहर निकालने का नहीं किया प्रयास
डाॅ. बिंदल ने प्रदेश की वर्तमान कांग्रेस सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश से पाकिस्तानियों को बाहर निकालने का प्रयास प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने अभी तक नहीं किया है, जो चिंता का विषय है। भाजपा ने 17 संगठनात्मक जिलों पर धरना-प्रदर्शन करके डीसी के माध्यम से ज्ञापन दिया था कि प्रदेश में रह रहे पाकिस्तानी नागरिकों, बंगलादेशियों और रोहिंग्यों की सरकार तुरंत पहचान कर ढूंढे और उन्हें प्रदेश से बाहर निकालने की कार्रवाई करे, लेकिन लंबा समय बीत जाने के बाद भी कांग्रेस सरकार द्वारा कुछ न किया जाना चिंताजनक है। भाजपा जानना चाहती है कि क्या वजह है, जो प्रदेश की सरकार हिमाचल में रह रहे पाकिस्तानियों, बांग्लादेशियों और रोहिंग्यों को ढूंढने में रुचि नहीं दिखा रही है?

वोट के लालच में राष्ट्रहित के साथ समझौता नहीं होगा बर्दाश्त
डाॅ. बिंदल ने आरोप लगाया कि वोट के लालच में राष्ट्रहित के साथ समझौता करना कतई बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। लिहाजा प्रदेश की सरकार को यह सर्च ऑप्रेशन चलाना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश में बिगड़ रही कानून व्यवस्था और चिट्टे की भारी वृद्धि में ये पाकिस्तानी, बंगलादेशी और रोहिंग्ये भी शामिल हो सकते हैं। इसलिए यह सर्च ऑप्रेशन बिना देरी के किया जाना चाहिए।

तिरंगा यात्राओं का दौर जारी 
डाॅ. बिंदल ने कहा कि प्रदेश में तिरंगा यात्राओं का दौर जारी है। चारों संसदीय क्षेत्रों के 4 केंद्रों शिमला, धर्मशाला, मंडी और हमीरपुर में बड़ी यात्राएं निकालने के बाद भाजपा प्रदेश के सभी मंडलों पर तिरंगा यात्रा निकालेगी, जिसका क्रम शुरू हो चुका है। 25 मई तक इन यात्राओं को पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके अतिरिक्त भाजपा महिला मोर्चा द्वारा प्रदेश में सिंदूर यात्राएं निकाली जा रही हैं।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here
हिमाचल प्रदेश की खबरें पढ़ने के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News