कांग्रेस फ्रॉड पार्टी, कांगड़ा जिला को हाशिए पर धकेला : त्रिलोक कपूर
punjabkesari.in Wednesday, Nov 01, 2023 - 05:28 PM (IST)

पालमपुर (भृगु): हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस पार्टी फ्रॉड पार्टी है, यह आरोप भाजपा के प्रदेश महामंत्री त्रिलोक कपूर ने पालमपुर में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए लगाए। कपूर ने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस पार्टी ने षड्यंत्र रच कर सत्ता हासिल करने के लिए जनता के साथ जो धोखाधड़ी की है उस षड्यंत्र से सबसे बड़ा नुक्सान जिला कांगड़ा को हुआ है। उन्होंने कहा कि इस पार्टी ने सरकार में आते ही जिला के साथ भी बहुत बड़ा फ्रॉड किया कि जिस जिला से 10 विधायक चुनाव जीतकर आए उस जिला से एक मंत्री बनाकर कांगड़ा को राजनीतिक हाशिए पर धकेल कर रखा है। पिछले 8 महीने से केंद्रीय विश्वविद्यालय के लिए 30 करोड़ रुपए सरकार को जमा करने हैं पर इस अनदेखी की वजह से केंद्रीय विश्वविद्यालय कांगड़ा कैंपस का काम ठप्प पड़ा है। यही नहीं, पूरे प्रदेश में जिला कांगड़ा के ही क्रशर स्टोन बंद करना, टांडा मेडिकल कॉलेज में गरीबों के लिए हिम केयर कार्ड की सुविधा को बंद करना इससे बड़ा उत्पीड़न जिला कांगड़ा का कोई हो नहीं सकता है।
त्रिलोक कपूर ने कहा कि कांगड़ा जिला में स्टोन क्रशर बंद होने की वजह से सभी प्रकार के विकास कार्य ठप्प पड़े हुए हैं, सिर्फ अवैध खनन वालों का पोषण इस सरकार द्वारा किया जा रहा है। उन्होंने कांगड़ा को पर्यटन राजधानी बनाने वाले नेताओं से यह जानना चाहा कि पहली बार हिमाचल प्रदेश में विश्व क्रिकेट प्रतियोगिता में 5 मैच धर्मशाला में आयोजित किए गए और एचपीसीए के इस प्रकार के प्रयासों से विश्व मानचित्र में एक नई ऊंचाई हासिल हुई लेकिन हिमाचल प्रदेश की दृष्टिहीन सरकार बिलकुल बेखबर बनी रही। अगर हिमाचल की सरकार कांगड़ा जिला के अंतर्गत क्रिकेट मैच में भाग लेने वाले खिलाड़ियों और दर्शकों के लिए पर्यटन की दृष्टि से यहां की संस्कृतियों, यहां का खानपान और कांगड़ा जिला के इतिहास, कांगड़ा जिला से जुड़े देवी तीर्थ स्थानों को सर्किट बनाकर खिलाड़ियों व खेल प्रेमियों को आकर्षित करती तो निश्चित रूप से इसका लाभ हिमाचल प्रदेश को मिलता।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here