Solan: दिनदहाड़े दुकान में आ धमके 2 नकाबपोश, कपड़ा कारोबारी से मांगे ₹15 लाख; दहशत में परिवार

punjabkesari.in Wednesday, Nov 04, 2026 - 12:12 PM (IST)

सोलन: औद्योगिक क्षेत्र बरोटीवाला में अपराधियों के हौसले किस कदर बुलंद हैं, इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि अब बदमाश दिनदहाड़े दुकानों में घुसकर कारोबारियों को डराने-धमकाने से भी गुरेज नहीं कर रहे हैं। ताजा घटनाक्रम में बरोटीवाला के एक कपड़ा कारोबारी से 15 लाख रुपए की रंगदारी (अवैध वसूली) मांगने का मामला सामने आया है। बीते सोमवार दोपहर दो अज्ञात नकाबपोश युवक हथियारों से लैस होकर कारोबारी की दुकान में घुस गए और रकम न देने पर कारोबारी व उसके परिवार को गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दे डाली।

जानकारी के अनुसार पीड़ित कारोबारी अभिषेक बरोटीवाला में रेडीमेड कपड़ों की दुकान चलाता है। पुलिस को सौंपी गई शिकायत में अभिषेक ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से उसे लगातार अज्ञात नंबरों से व्हाट्सएप कॉल आ रहे थे, जिसके जरिए शातिर उससे 15 लाख रुपए की मांग कर रहे थे। डिमांड पूरी न करने की सूरत में उसे लगातार डराया-धमकाया जा रहा था। जब गत सोमवार दोपहर अभिषेक दुकान से खाना खाने के लिए अपने घर गया हुआ था और पीछे दुकान पर उसका सहयोगी प्रकाश चंद अकेला मौजूद था। इसी दौरान चेहरे ढके हुए दो संदिग्ध युवक दुकान के भीतर आ धमके।

शिकायत के मुताबिक, दोनों नकाबपोश युवकों के पास हथियार मौजूद थे। उन्होंने दुकान में आते ही कर्मचारी पर रौब झाड़ते हुए मालिक अभिषेक के बारे में पूछताछ की और 15 लाख रुपए की मांग दोहराई। अचानक हुई इस घटना से घबराए कर्मचारी प्रकाश चंद ने तुरंत अपने मालिक अभिषेक को फोन लगाया और दुकान में खड़े उन नकाबपोश युवकों से उसकी बात करवाई। फोन पर भी आरोपियों ने कारोबारी को साफ शब्दों में धमकाते हुए कहा कि यदि 15 लाख रुपए की रकम नहीं दी गई, तो उसे और उसके पूरे परिवार को इसका भारी खामियाजा भुगतना पड़ेगा।

इस घटना के बाद से कारोबारी और उसका परिवार दहशत में है। अभिषेक ने पुलिस अधीक्षक बद्दी से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के साथ-साथ अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की गुहार लगाई है। मामले की पुष्टि करते हुए एसपी बद्दी विनोद धीमान ने बताया कि कपड़ा कारोबारी को धमकाने और 15 लाख रुपए मांगने की शिकायत प्राप्त हुई है, जिसे पुलिस ने बेहद गंभीरता से लिया है। शिकायत के आधार पर पुलिस थाना बरोटीवाला में धारा 329(4), 308(3), 351(3) और 3(5) के अंतर्गत मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस की टीमें आरोपियों की धरपकड़ के लिए गहनता से छानबीन कर रही हैं।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News