BJP Protest: चौड़ा मैदान में सरकार के खिलाफ भाजपा का प्रदर्शन, जमकर की नारेबाजी

punjabkesari.in Thursday, Mar 27, 2025 - 01:14 PM (IST)

हिमाचल डेस्क। भारतीय जनता पार्टी (भा.ज.पा.) ने आज शिमला के चौड़ा मैदान में प्रदेश सरकार के खिलाफ एक बड़ा प्रदर्शन किया। भाजपा ने इस प्रदर्शन की तैयारी कई दिन पहले से शुरू कर दी थी। हजारों कार्यकर्ता प्रदेशभर से शिमला पहुंचे और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

प्रदर्शन में भाजपा के प्रमुख नेता, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष राजीव बिंदल और कई विधायक मौजूद थे। राजीव बिंदल ने इस मौके पर सरकार पर कई गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि चिट्टा, खनन, ट्रांसफर और कबाड़ माफिया समेत कई अन्य समस्याओं के कारण प्रदेश में माफियाराज कायम हो गया है। बिंदल ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार इन माफियाओं के खिलाफ कोई ठोस कदम नहीं उठा रही है और स्थिति दिन-प्रतिदिन बिगड़ती जा रही है।

कानून-व्यवस्था और अपराधों को लेकर भाजपा का आरोप

राजीव बिंदल ने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार ढाई साल के शासन में कानून-व्यवस्था को संभालने में पूरी तरह नाकाम रही है। उन्होंने कहा कि हाल ही में चंबा जिले में दलित युवक की नृशंस हत्या और अन्य अपराधों की घटनाओं ने प्रदेश को बदनामी की ओर अग्रसर कर दिया है। उन्होंने कहा कि हत्याएं, बलात्कार, महिलाओं का उत्पीड़न, शोषण और अन्य अपराधों की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। बिंदल ने आरोप लगाया कि सरकार इन घटनाओं को रोकने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठा रही है और मूकदर्शक बनी हुई है।

बिंदल ने प्रदेश में माफियाओं के प्रभाव को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि चिट्टा माफिया पूरे प्रदेश में सक्रिय है और कभी बिलासपुर तो कभी अन्य क्षेत्रों में गोलीबारी जैसी घटनाएं हो रही हैं। इसके अलावा खनन और कबाड़ माफिया का भी बोलबाला है। इस स्थिति के बारे में उन्होंने कहा कि कभी बिहार और उत्तर प्रदेश जैसी बदनाम राज्य चर्चा में रहते थे, लेकिन अब हिमाचल प्रदेश भी उसी दिशा में अग्रसर हो रहा है।

कांग्रेस सरकार के खिलाफ आरोप और महंगाई की बातें

भाजपा अध्यक्ष राजीव बिंदल ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने ढाई साल में माताओं, बहनों और बेरोजगारों के साथ धोखा किया है। उन्होंने कहा कि बेरोजगारों को रोजगार नहीं मिला, सरकारी नौकरी नहीं मिली और किसानों, कर्मचारियों और आउटसोर्स कर्मचारियों को भी ठगा गया। इसके अलावा, प्रदेश में महंगाई ने भी लोगों की कमर तोड़ दी है। उन्होंने कहा कि सीमेंट, पानी, बिजली, स्टांप ड्यूटी और राशन महंगा हो गया है। डीजल और पेट्रोल की कीमतों में भी 10.50 रुपये लीटर का वैट लगा दिया गया है, जिससे आम जनता को बहुत परेशानी हो रही है। बिंदल ने कहा कि एचआरटीसी की बसों का किराया भी महंगा कर दिया गया है और 1200 से अधिक स्कूल, कॉलेज, स्वास्थ्य संस्थान, तहसीलें और पटवार सर्किल बंद कर दिए गए हैं।

नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर का बयान

प्रदर्शन से पहले प्रदेश विधानसभा में प्रश्नकाल के बाद नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने सदन में एक गंभीर बयान दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा के सदस्य जिन्हें प्रदर्शन में शामिल होने के लिए शिमला लाया गया था, उन्हें रास्ते में रोका जा रहा है। जयराम ठाकुर ने यह भी कहा कि कई लोग पैदल चलकर प्रदर्शन स्थल तक आ रहे हैं और हरियाणा से वॉटर कैनन मंगवाए गए हैं, जो लोकतांत्रिक व्यवस्था के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि यह सही नहीं है कि प्रदर्शनकारियों को रोका जाए और दबाव डाला जाए। इसके बाद जयराम ठाकुर और अन्य विपक्षी विधायक सदन से बाहर चले गए और रैली स्थल की ओर बढ़े।

मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू का जवाब

भा.ज.पा. के नेता जयराम ठाकुर द्वारा आरोप लगाए जाने के बाद मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि भाजपा के नेताओं का सदन से बाहर जाने का कोई कारण नहीं था। उन्होंने यह भी कहा कि लोकतंत्र मजबूत तभी होता है जब विपक्ष को अपनी बात रखने की पूरी आज़ादी होती है। सुक्खू ने यह भी कहा कि सरकार ने कभी भी भाजपा कार्यकर्ताओं को रोकने का आदेश नहीं दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह भाजपा के एक गुट का रैली है, और अगर उसमें चार गुट नहीं आ रहे हैं तो इसमें सरकार का कोई दोष नहीं है।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Jyoti M

Related News