हिमाचल में भाजपा की डबल इंजन सरकार के प्रयासों से हुआ अतुलनीय विकास : जेपी नड्डा

punjabkesari.in Friday, May 13, 2022 - 07:04 PM (IST)

कुल्लू (संजीव जैन): मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में हिमाचल प्रदेश ने गत साढ़े 4 वर्षों में अतुलनीय विकास किया है और यह सब केन्द्र और राज्य में डबल इंजन की सरकारों के प्रयासों से ही संभव हो सका है। यह बात सांसद एवं भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने शुक्रवार को कुल्लू के रथ मैदान में आयोजित सम्मान समारोह के अवसर पर जनसभा को सम्बोधित करते हुए कही। यह समारोह हाल ही में सम्पन्न 4 राज्यों के विधानसभा चुनावों में भाजपा की भारी जीत के उपरांत राष्ट्रीय अध्यक्ष के सम्मान में आयोजित किया गया था। जेपी नड्डा के कुल्लू पहुंचते ही कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों से उनका स्वागत किया और कुल्लवी नाटी डाली। इस कुल्लवी नाटी में सांसद और बीजपी प्रदेशाध्यक्ष सुरेश कश्यप सहित कई नेताओं ने भी भाग लिया। इस दौरान भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष का भुंतर से लेकर रथ मैदान कुल्लू तक रोड शो हुआ। भव्य स्वागत के लिए कुल्लू की जनता का आभार व्यक्त करते हुए जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि कुल्लू जिला के लगभग प्रत्येक गांव के अपने देवता हैं, जिस कारण इसे देवभूमि कहा जाता है। उन्होंने कहा कि कुल्लू के लोगों का उत्साह देखकर यह स्पष्ट हो जाता है कि भाजपा राज्य में जयराम ठाकुर के नेतृत्व में एक बार पुनः सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि केवल भाजपा ही ऐसा राजनीतिक दल है, जिसने अपने सभी वायदे पूरे किए हैं।
PunjabKesari, BJP National President JP Nadda Image

भारत को विश्व गुरु बनाने के लिए प्रतिबद्ध है केंद्र सरकार
जेपी नड्डा ने कहा कि वर्तमान केन्द्र सरकार भारत को विश्व गुरु बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि खसरा, जापानी बुखार, पोलियो इत्यादि के टीके बनने के बहुत वर्षों बाद भारत पहुंचे लेकिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में कोरोना का टीका देश में इस महामारी का पहला मामला मिलने के 9 माह के भीतर तैयार कर लिया गया। उन्होंने कहा कि देश में इस टीके की 190 करोड़ डोज लोगों को निःशुल्क उपलब्ध करवाई गई। उन्होंने कहा कि देश में विश्व का सबसे बड़ा टीकाकरण अभियान सफलतापूर्वक आरम्भ किया गया। उन्होंने कोविड-19 टीके की प्रथम व द्वितीय डोज लगाने में पूरे देश में प्रथम स्थान हासिल करने पर राज्य सरकार के प्रयासों की भी सराहना की भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि केन्द्र सरकार देश में 80 करोड़ से अधिक लोगों को राशन उपलब्ध करवा रही है। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार ने यूक्रेन में फंसे 23 हजार से अधिक विद्यार्थियों को सफलतापूर्वक स्वदेश वापिस पहुंचाया, जिनमें 430 से अधिक विद्यार्थी हिमाचल प्रदेश के थे। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के विद्यार्थी भी अपने वाहनों पर भारतीय तिरंगा लगाकर यूक्रेन से बाहर निकलने में सफल रहे। उन्होंने कहा कि यह बदलते भारत की तस्वीर को बयां करता है जोकि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सशक्त नेतृत्व में ही संभव हो सका है जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि महामारी के बावजूद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सक्षम नेतृत्व में भारत 400 बिलियन डॉलर का निर्यात करने में सफल हुआ है। उन्होंने कहा कि महामारी के दौरान देश में लगभग 80 करोड़ लोगों को निःशुल्क राशन उपलब्ध करवाया गया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अन्तर्गत प्रदेश के 9.37 लाख किसानों को 6000 रुपए प्रतिवर्ष प्रदान किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश की जनता अब राजनैतिक मान्यताओं के बजाय विकास के नाम पर अपना मतदान करती है।
PunjabKesari, BJP National President JP Nadda Image

उत्तर प्रदेश में 37 वर्षों बाद किसी दल की सरकार हुई रिपीट
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने यह सुनिश्चित किया कि समाज के कमजोर वर्गों और कल्याणकारी योजनाओं के लाभ से वंचित रहे लोगों तक उनके सभी देय लाभ पहुंचें और इसलिए भाजपा चारों राज्यों में जीत हासिल कर पाई। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में 37 वर्षों के उपरांत किसी दल की सरकार पुनः बार सत्ता में आई है। उन्होंने कहा कि वहां पर 389 सीटों पर कांग्रेस के उम्मीदवारों और 377 सीटों पर आप उम्मीदवारों की जमानत जब्त हो गईं उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड में पहली बार कोई सरकार अपने कार्यकाल के उपरांत पुनः सत्ता में आने में सफल हुई है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में आप उम्मीदवारों की उन सभी 68 सीटों पर जमानत जब्त हुई है, जहां से उन्होंने चुनाव लड़ा था। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी में मणिपुर में भी पहली बार अपने स्तर पर सरकार बनाई।
PunjabKesari, BJP National President JP Nadda Image

कांग्रेस सरकारों ने हमेशा की प्रदेश के हितों की अनदेखी
जेपी नड्डा ने कहा कि कांग्रेस सरकारों ने हमेशा ही प्रदेश के हितों की अनदेखी की है और तत्कालीन प्रधानमंत्री राजीव गांधी के कार्यकाल में जब वीरभद्र सिंह प्रदेश के मुख्यमंत्री थे, उस समय राज्य का विशेष श्रेणी का दर्जा वापिस ले लिया गया था। इसके विपरीत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राज्य का विशेष श्रेणी का दर्जा पुनः बहाल किया। उन्होंने कहा कि भाजपा के कार्यकाल में विभिन्न परियोजनाओं के लिए केन्द्र एवं राज्य के हिस्से को 90:10 के अनुपात में पुनः बहाल किया गया। उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी द्वारा हिमाचल प्रदेश को दिए गए विशेष औद्योगिक पैकेज से प्रदेश में तीव्र औद्योगिकीकरण सुनिश्चित हुआ है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा राज्य को कोल डैम परियोजना भी समर्पित की गई। उन्होंने कहा कि केन्द्र में भाजपा के सत्ता में आने के उपरांत ही लूहरी परियोजना का कार्य भी शुरू हो सका। उन्होंने कहा कि अटल टनल प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की राज्य के लोगों के लिए एक और सौगात है। उन्होंने कहा कि इस सुरंग के निर्माण से अटल बिहारी वाजपेयी का सपना पूरा हुआ है।

जाति-धर्म, सम्प्रदाय व परिवारवाद पर नहीं, विकास पर वोट देते हैं लोग
जनसभा को संबोधित करते हुए जेपी नड्डा ने कहा कि मोदी सरकार ने खादी को बढ़ाने का काम किया है। आजादी के बाद से आज खादी के क्षेत्र में सबसे अधिक 115000 करोड़ का कारोबार हुआ है। उन्होंने कहा कि अब देश बदल गया है, अब लोग जाति-धर्म, सम्प्रदाय व परिवारवाद पर नहीं, विकास पर वोट देते हैं। आज किसी को भी चुनाव में आना होगा तो विकास की बात करनी होगी। भाजपा विकास के मुद्दे पर काम कर रही है। मोदी सरकार विकासवाद के मुद्दे पर आगे बढ़ी है।
PunjabKesari, Rally Image

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की जमकर की तारीफ
जेपी नड्डा ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की सराहना करते हुए कहा कि उनके सक्षम नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने आयुष्मान भारत और उज्ज्वला योजना में कवर न हो सके परिवारों के लिए हिमकेयर और मुख्यमंत्री गृहिणी सुविधा योजनाएं प्रारम्भ कीं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में राज्य में वर्तमान सरकार के कार्यकाल में 6 हजार किलोमीटर से अधिक सड़कों का निर्माण किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष के साथ कार्य के दौरान की मधुर स्मृतियां लगभग सभी कार्यकर्ताओं से जुड़ी हैं। उन्होंने कहा कि यह केवल भाजपा में ही संभव है कि एक साधारण परिवार से निकला आम व्यक्ति विश्व के सबसे बड़े दल का नेतृत्व कर रहा है। उन्होंने कहा कि देश के लिए भी यह सौभाग्य की बात है कि हमारा नेतृत्व विश्व नेता प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने हिमाचल प्रदेश को सदैव अपना दूसरा घर माना है और राज्य की विकासात्मक मांगों के प्रति उनका दृष्टिकोण हमेशा उदार रहा है। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान राष्ट्रीय नेतृत्व ने यह सुनिश्चित किया कि देश में कोई भी व्यक्ति भोजन, मास्क, सैनेटाइजर और अन्य आवश्यक सुविधाओं से वंचित न रहे।
PunjabKesari, BJP Leaders Image

नड्डा के कार्यकाल में ही देश में शुरू हुईं आयुष्मान भारत योजना जैसी योजनाएं : जयरा
जयराम ठाकुर ने कहा कि भाजपा के कार्यकाल में राज्य को आईआईएम और एम्स जैसी परियोजनाएं स्वीकृत हुईं। उन्होंने कहा कि चम्बा, सिरमौर, हमीरपुर व मंडी में आयुर्विज्ञान महाविद्यालय भी केन्द्र में भाजपा की सरकार के समय ही संभव हो सकें हैं। उन्होंने कहा कि केन्द्र और राज्य में डबल इंजन सरकारों के कारण ही सभी राष्ट्रीय राजमार्ग और फोरलेन परियोजनओं का निर्माण भी संभव हुआ है। उन्होंने कहा कि केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री के रूप में जेपी नड्डा के कार्यकाल में ही आयुष्मान भारत योजना जैसी योजनाएं देश में संचालित की गई। उन्होंने कहा कि यह उनकी राजनीतिक दूरदर्शिता और विजन का द्योतक है। उन्होंने कहा कि ऊना में पीजीआई सैटेलाइट सैंटर स्थापित किया जा रहा है और यह परियोजनाएं भी केन्द्र एवं राज्य में डबल इंजन की सरकारों के कारण ही संभव हुई हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार का कार्यकाल उपलब्धियों भरा रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री गृहिणी सुविधा योजना, सहारा योजना, हिमकेयर, मुख्यमंत्री शगुन जैसी योजनाएं समाज के कमजोर वर्गों के लिए वरदान साबित हो रही हैं। प्रदेश सरकार ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन के लिए 1300 करोड़ रुपए व्यय किए हैं जबकि पिछली कांग्रेस सरकार ने 400 करोड़ रुपए व्यय किए थे। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने राज्य के घरेलू बिजली उपभोक्ताओं को 125 यूनिट बिजली निःशुल्क प्रदान करने और हिमाचल पथ परिवहन निगम की बसों में महिलाओं को बस किराए में 50 प्रतिशत रियायत देने का निर्णय लिया है। प्रदेश सरकार ने राज्य के ग्रामीण क्षेत्रों में सभी घरेलू उपभोक्ताओं को निःशुल्क जल आपूर्ति का निर्णय लिया है।

4 राज्यों में मिली हार के बाद शीत निद्रा में गए कांग्रेस नेता
जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस नेता प्रदेश में सत्ता में आने के सपने देख रहे हैं लेकिन उन्हें यह पता होना चाहिए कि प्रदेश के लोगाें ने भाजपा को फिर से सत्ता में लाने का मन बना लिया है ताकि प्रदेश का विकास निर्बाध जारी रहे। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकारों की विकासात्मक नीतियों और कार्यक्रमों के कारण देश के सभी चार राज्यों में भाजपा सरकारें पुनः सत्तासीन हुईं। उन्होंने कहा कि इन चार राज्यों में मिली हार के बाद कांग्रेस नेता शीत निद्रा में चले गए हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों के फलस्वरूप देश कोरोना का स्वदेशी टीका विकसित करने में सफल हुआ और देश में विश्व का सबसे बड़ा टीकाकरण अभियान सफलतापूर्वक चलाया जा रहा है। प्रदेश सरकार ने संक्रमण के प्रसार को रोकने के लिए सभी प्रभावी कदम उठाए। प्रदेश में पात्र आबादी का शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित करने में हिमाचल ने देश में प्रथम स्थान हासिल किया।

2022 के चुनावों में रिपीट होगी भाजपा : सुरेश कश्यप
इससे पहले सांसद और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय भाजपा अध्यक्ष का प्रदेश में यह चौथा दौरा है जो प्रदेश और प्रदेशवासियों के प्रति उनके स्नेह को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य की डबल इंजन की सरकारें प्रदेश में तीव्र विकास सुनिश्चित कर रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार इस महीने अपने 8 वर्ष पूर्ण कर रही है। उन्होंनेने कहा कि इन 8 वर्षों में केंद्र सरकार ने यह सुनिश्चित किया है कि भारत विश्वशक्ति बनकर उभरे। उन्होंने कहा कि पिछले साढ़े 4 वर्षों के दौरान हिमाचल में अभूतपूर्व विकास हुआ है और भाजपा 2022 के चुनावों में मिशन रिपीट करने में सफल होगी।

ये रहे मौके पर मौजूद
इस अवसर पर जनजातीय विकास मंत्री डॉ. रामलाल मारकंडा, शिक्षा मंत्री गोविन्द सिंह ठाकुर, हिमाचल प्रदेश भाजपा के प्रभारी अविनाश राय खन्ना, सह प्रभारी संजय टंडन, प्रदेश भाजपा महासचिव एवं सुन्दरनगर के विधायक राकेश जमवाल, विधायक जवाहर ठाकुर, सुरेंद्र शौरी, हीरा लाल, कर्नल इंद्र सिंह, विनोद कुमार, इंद्र सिंह गांधी, पूर्व सांसद महेश्वर सिंह, मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार त्रिलोक जमवाल, विभिन्न संगठनों के महासचिव, विभिन्न बोर्डों  और निगमों के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष उपस्थित थे।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News