Kangra: धीरा में भाजपा ने निकाली जन आक्रोश रैली, MLA विपिन परमार ने कांग्रेस पर बोला तीखा हमला

punjabkesari.in Friday, Apr 10, 2026 - 09:09 PM (IST)

धीरा/सुलह (गगन/वर्मा): हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ शुक्रवार को सुलह भाजपा ने धीरा में जन आक्रोश रैली का आयोजन किया। रैली के दाैरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने सुलह के विधायक विपिन सिंह परमार के नेतृत्व में एसडीएम को एक ज्ञापन सौंपा। इस अवसर पर विधायक विपिन सिंह परमार ने कड़े शब्दों में कहा कि प्रदेश की जनता अब कांग्रेस सरकार की नीतियों से त्रस्त हो चुकी है और पूरी तरह बदलाव का मन बना चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि आज हिमाचल में अराजकता का माहौल है, जहां जमीन और खनन माफिया खुलेआम सक्रिय हैं और उन्हें सत्ता का संरक्षण प्राप्त है। परमार ने सवाल किया कि क्या यही वह व्यवस्था परिवर्तन है, जिसका वायदा कांग्रेस ने चुनाव के दौरान किया था? उन्होंने कहा कि हकीकत में इस सरकार ने प्रदेश को माफिया राज की ओर धकेल दिया है।

PunjabKesari

कानून व्यवस्था ध्वस्त, हर वर्ग परेशान
विधायक ने कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और आम नागरिक असहाय महसूस कर रहा है। सुलह क्षेत्र की बदहाली का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि क्षेत्र की कूहलें बंद होने से किसान भारी नुक्सान झेल रहे हैं, वहीं स्वास्थ्य संस्थान और सरकारी कार्यालय या तो बंद हैं या महज नाममात्र के लिए चल रहे हैं। परमार ने आरोप लगाया कि सरकार बुनियादी सुविधाओं के लिए पैसा खर्च करने की बजाय अपने चहेते लोगों को लाभ पहुंचाने में व्यस्त है।

वायदों से मुकरी सरकार
मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए विपिन परमार ने कहा कि 1 अप्रैल से सुलह की महिलाओं को 1500 रुपए देने का वायदा पूरी तरह झूठ साबित हुआ है। इसके अलावा, पंचायती राज रोस्टर को लेकर उन्होंने सरकार पर लोकतंत्र के साथ छल करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि हाईकोर्ट के हस्तक्षेप के बाद सरकार को अपने कदम पीछे खींचने पड़े, जो इस बात का स्पष्ट प्रमाण है कि सरकार मनमानी कर रही थी।

कांग्रेस पार्टी के एजैंट बनकर काम करना बंद करें अधिकारी
विपिन परमार ने प्रशासनिक अधिकारियों को भी सख्त चेतावनी दी कि वे कांग्रेस पार्टी के एजैंट बनकर काम करना बंद करें। उन्होंने प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत पर हो रहे हमलों की आलोचना करते हुए कहा कि स्थानीय मेलों को बंद करने के प्रयास निंदनीय हैं। टैक्सी ऑप्रेटरों की समस्याओं का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार की गलत नीतियों ने इस वर्ग को भी परेशान कर रखा है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि भाजपा की सरकार बनने पर टैक्सी ऑप्रेटरों सहित हर वर्ग की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। इस प्रदर्शन के दौरान भाजपा के विभिन्न पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News