भाजपा प्रत्याशी सुरेश कश्यप को अपने ही निर्वाचन क्षेत्र से मिली कम लीड, राजनीतिक गलियारों में हो रही चर्चा

punjabkesari.in Wednesday, Jun 05, 2024 - 01:55 PM (IST)

नाहन (आशु): सिरमौर जिला में भाजपा ने कांग्रेस के गढ़ में बड़ी सेंधमारी की है। पांचों विधानसभा क्षेत्रों के परिणामों पर नजर दौड़ाएं तो यहां पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गंगूराम मुसाफिर और कांग्रेसी नेत्री दयाल प्यारी ही अपना दखखम दिखाने में कामयाब रहे। बड़ी बात यह है कि पच्छाद भाजपा प्रत्याशी सुरेश कश्यप का अपना गृह निर्वाचन क्षेत्र है और यहां से मुसाफिर व दयाल प्यारी की जोड़ी ने कश्यप को बहुत कम लीड पर समेट कर रख दिया। हालांकि यहां से रीना कश्यप भाजपा की विधायक हैं। बावजूद इसके यहां भाजपा व कांग्रेस के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। अपने ही गृह निर्वाचन क्षेत्र पच्छाद से भाजपा प्रत्याशी को महज 452 मतों की लीड मिलना चर्चा का विषय बना हुआ है।

दरअसल गत विधानसभा चुनाव में कांग्रेस का टिकट न मिलने के कारण गंगूराम मुसाफिर ने बतौर निर्दलीय ही चुनाव लड़ा था। कांग्रेस में आपसी फूट के कारण पार्टी प्रत्याशी दयाल प्यारी को हार का सामना करना पड़ा और यह सीट भाजपा जीतने में कामयाब रही। मुसाफिर को पार्टी से निष्कासित कर दिया गया लेकिन लोकसभा चुनाव से ठीक पहले मुसाफिर का निष्कासन रद्द कर उनकी कांग्रेस में वापसी हुई। इसके बाद मुसाफिर व दयाल प्यारी ने कांग्रेस प्रत्याशी विनोद सुल्तानपुरी के पक्ष में जमकर प्रचार किया। बता दें कि कृषि विपणन बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष बलदेव भंडारी भी पच्छाद से ही संबंध रखते हैं, जो भाजपा के वरिष्ठ नेताओं की सूची में शामिल हैं। राजनीतिक गलियारों और लोगों के बीच यह चर्चा भी खूब हो रही है कि भले ही पच्छाद से सुरेश कश्यप को बहुत कम अंतर से लीड मिली हो, लेकिन यहां कांग्रेस की एकजुटता ने भाजपा की परेशानी को जरूर बढ़ा दिया है। 

बिंदल व सुखराम का जलवा बरकरार
दूसरी तरफ नाहन विधानसभा क्षेत्र पर नजर दौड़ाएं तो भले ही यहां से पिछले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने बाजी मारी हो, लेकिन लोकसभा के इस चुनाव में डा. राजीव बिंदल यहां अपना जलवा बरकरार रखने में कामयाब रहे। भले ही वह प्रदेश अध्यक्ष के तौर पर पूरे हिमाचल में चुनाव प्रचार में जुटे हुए थे, लेकिन नाहन विधानसभा क्षेत्र में भी वह पूरी तरह से एक्टिव दिखाई दिए। नतीजतन भाजपा नाहन से 7941 मतों की बढ़त लेने में कामयाब रही। उधर वर्तमान भाजपा विधायक सुखराम चौधरी ने एक बार फिर इस चुनाव में भी पांवटा साहिब में भगवा लहराने में सफलता हासिल की।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News