Bilaspur Murder Case: सीरियल किलर पति...पहली पत्नी को उतारा था मौत के घाट, अब दूसरी का भी किया कत्ल
punjabkesari.in Tuesday, Feb 10, 2026 - 05:44 PM (IST)
हिमाचल डेस्क। हिमाचल के बिलासपुर में एक ऐसा सनसनीखेज मामला सामने आया है जिसे सुनकर रोंगटे खड़े हो जाएं। एक शख्स, जिस पर पहले ही अपनी पहली पत्नी के कत्ल का दाग था, उसने अपनी दूसरी पत्नी की भी बेरहमी से जान ले ली। यह केवल एक हत्या नहीं, बल्कि एक शातिर अपराधी द्वारा कानून की आंखों में धूल झोंककर दोबारा दिया गया एक वीभत्स अंजाम है।
कत्ल का 'खूनी' मंजर:
जांच में पता चला है कि झारखंड के रहने वाले गोविंद राम ने अपने दो भाइयों, बंसी चौहान और गुड्डू के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया। गुड़िया देवी, जो गोविंद की दूसरी पत्नी थी, उसे लोहे की रॉड से इतनी बेरहमी से पीटा गया कि कमरे की दीवारें खून से सन गईं। पुलिस को बिस्तर और आसपास के माहौल से जो सबूत मिले हैं, वे चीख-चीख कर उस रात की हैवानियत बयां कर रहे हैं।
तीनों भाइयों ने पहले जमकर शराब पी। नशे में धुत होकर उन्होंने गुड़िया को मौत के घाट उतारा और फिर सबूत मिटाने के लिए लाश को घर के पास बने सेप्टिक टैंक में फेंक दिया। शातिर दिमाग का इस्तेमाल करते हुए उन्होंने टैंक के ढक्कन को सीमेंट से पूरी तरह सील कर दिया और उस पर बोरियां डाल दीं, ताकि किसी को बदबू या शक न हो।
सबसे चौंकाने वाला खुलासा यह हुआ है कि गोविंद राम झारखंड में अपनी पहली पत्नी की हत्या के मामले में भी मुख्य आरोपी है। बिलासपुर पुलिस अब इस गुत्थी को सुलझाने में लगी है कि पहली पत्नी के कत्ल का आरोपी आखिर जेल से बाहर कैसे आया और क्या उसने कानूनी ढील का फायदा उठाकर इस दूसरी जघन्य वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस की कार्रवाई: आरोपियों की तलाश में दबिश
बिलासपुर के पुलिस अधीक्षक संदीप धवल के मुताबिक, पुलिस की एक विशेष टीम झारखंड रवाना हो चुकी है। हत्या के बाद तीनों आरोपी फरार होकर अपने भाग गए हैं। पुलिस उनके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड को खंगाल रही है और दावा किया जा रहा है कि बहुत जल्द वे सलाखों के पीछे होंगे।

