Bilaspur : तेंदुए ने घर के समीप शख्स पर किया हमला, शरीर पर आए गहरे घाव; ग्रामीणों में दहशत

punjabkesari.in Thursday, Mar 26, 2026 - 05:22 PM (IST)

Bilaspur News : हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले में की पंचायत दयोथ के गांव हम्बार में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक तेंदुए ने घर के समीप एक शख्स पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उनका उपचार स्थानीय अस्पताल में चल रहा है।

घात लगाए बैठा था तेंदुआ

जानकारी के अनुसार, घायल की पहचान हम्बार गांव निवासी ओमप्रकाश के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि ओमप्रकाश बुधवार रात अपने घर के पास ही थे, तभी अंधेरे में घात लगाए बैठे तेंदुए ने अचानक उन पर झपट्टा मार दिया। ओमप्रकाश की चीख-पुकार सुनकर उनके परिजन और ग्रामीण तुरंत लाठी-डंडे लेकर मौके पर पहुंचे। भीड़ को अपनी ओर आता देख तेंदुआ जंगल की ओर भाग निकला, जिससे ओमप्रकाश की जान बच सकी। परिजनों ने आनन-फानन में घायल को सिविल अस्पताल मार्कण्ड (बिलासपुर) पहुंचाया। ओमप्रकाश की बाजू पर नाखून के चार गहरे निशान हैं। पीठ के निचले हिस्से में सात घाव पाए गए हैं। फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है और अस्पताल में उनका इलाज जारी है।

ग्रामीणों में डर का माहौल

इस घटना ने पूरे हम्बार गांव और आसपास के क्षेत्रों में सनसनी फैला दी है। इधर, घटना की सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम को मौके पर भेज दिया गया है। विभाग की ओर से लोगों को सतर्क रहने और रात के समय अकेले बाहर न निकलने की सलाह दी गई है। डीएफओ बिलासपुर राजीव कुमार ने बताया कि तेंदुए की तलाश के लिए अभियान चलाया जा रहा है। स्थानीय लोगों ने वन विभाग और प्रशासन से तेंदुए को जल्द पकड़ने की मांग की है। उनका कहना है कि क्षेत्र में पिंजरा लगाया जाए और गश्त बढ़ाई जाए, ताकि किसी बड़े हादसे को रोका जा सके।


प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें  
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Swati Sharma

Related News