हिमाचल पुलिस की बड़ी पहल, महिला कर्मियों के लिए अब और भी सुरक्षित हाेगा कार्यस्थल
punjabkesari.in Saturday, Jun 14, 2025 - 05:39 PM (IST)

शिमला: हिमाचल प्रदेश पुलिस विभाग ने महिला पुलिस कर्मियों के लिए कार्यस्थल को अधिक सुरक्षित, सम्मानजनक और सहयोगी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है। विभागीय सूत्रों के अनुसार कार्यकारी पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) ने प्रदेशभर के सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को इस संबंध में स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं।
जारी निर्देशों में कहा गया है कि सभी अधिकारी और कर्मचारी यह सुनिश्चित करें कि वे महिला सहकर्मियों के साथ विनम्र, पेशेवर और सम्मानजनक व्यवहार रखें। कार्यस्थल पर ऐसा वातावरण बनाया जाए जहाँ महिलाएं बिना किसी भय, पक्षपात या असहजता के अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर सकें।
पुलिस विभाग ने स्पष्ट किया है कि किसी भी प्रकार का उत्पीड़न, भेदभाव या अपमानजनक व्यवहार न केवल अस्वीकार्य है, बल्कि इसके विरुद्ध सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई भी की जाएगी। सभी अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे विभाग में ऐसी कार्यसंस्कृति को बढ़ावा दें जहां हर कर्मचारी स्वयं को सुरक्षित, सशक्त और सम्मानित महसूस करे।
इस दिशा में एक नई पहल के तहत पुलिस विभाग ने सभी विंग्स में महिला पुलिस कर्मचारियों के लिए अलग व्हाट्सएप ग्रुप बनाए हैं। इन ग्रुपों में महिला कर्मी खुलकर अपने विचार, समस्याएं या सुझाव साझा कर सकेंगी। इन ग्रुपों की निगरानी संबंधित ग्रुप की सबसे वरिष्ठ महिला अधिकारी करेंगी, जो आवश्यक मामलों को पुलिस मुख्यालय के संज्ञान में लाने की जिम्मेदारी निभाएंगी।
कार्यकारी डीजीपी के अनुसार हिमाचल प्रदेश पुलिस एक ऐसा कार्यस्थल बनाने के लिए प्रतिबद्ध है जहां सभी कर्मचारी, लिंग की परवाह किए बिना, सम्मान और सम्मान के साथ काम कर सकें।
हिमाचल की खबरें व्हाट्सएप पर पढ़ने के लिए इस Link पर करें क्लिक