सिरमौर में बड़ा हादसा: राजगढ़ में भरभराकर गिरा मकान, मां-बेटी की मौत; 2 बच्चियां घायल

punjabkesari.in Wednesday, Aug 12, 2026 - 06:00 PM (IST)

राजगढ़: सिरमौर जिले के उपमंडल राजगढ़ की ग्राम पंचायत दीदग के छिछड़ियां गांव में बुधवार को एक दर्दनाक हादसे में रिहायशी मकान के अचानक भरभराकर गिर जाने से 2 महिलाओं की मौत हो गई, जबकि 2 मासूम बच्चियां घायल हो गईं। मृतकों की पहचान 60 वर्षीय निर्मला पत्नी भीम सिंह और उनकी 32 वर्षीय विवाहित बेटी पूजा के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार हादसे के समय निर्मला, बेटी पूजा, पूजा की 2 वर्षीय बेटी ईरा व पूजा की भतीजी 2 वर्षीय अभियाना पुत्री अरुण मकान के अंदर मौजूद थीं।

अचानक मकान धराशायी होने से चारों मलबे के नीचे दब गए। मकान गिरने की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद चारों को मलबे से बाहर निकाला और 108 एम्बुलैंस की मदद से नागरिक अस्पताल राजगढ़ पहुंचाया। हालांकि अस्पताल पहुंचने से पहले ही दोनों महिलाओं ने दम तोड़ दिया। घायल दोनों बच्चियों का उपचार शुरू किया गया। इनमें से ईरा जिला अस्पताल सोलन रैफर किया गया है।

हादसे की सूचना मिलते ही एसडीएम राजगढ़ राज कुमार ठाकुर, तहसीलदार उमेश शर्मा, पुलिस टीम और पंचायत प्रधान ठाकुर वेद प्रकाश मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। एसडीएम ने बताया कि प्रशासन की ओर से मृतकों के परिवार को नियमानुसार 25-25 हजार रुपए की राहत राशि दी गई है। घायल बच्चियों के उपचार की व्यवस्था भी प्रशासन की ओर से की गई है। नागरिक अस्पताल राजगढ़ में पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं। मकान गिरने के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए प्रशासन की ओर से कार्रवाई की जा रही है।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News