हिमाचल दिवस पर कर्मचारियों और पैंशनरों को सीएम का बड़ा तोहफा, महंगाई भत्ता 3 प्रतिशत बढ़ाया
punjabkesari.in Saturday, Apr 15, 2023 - 09:48 PM (IST)

काजा/शिमला (ब्यूरो/कुलदीप): राज्य स्तरीय हिमाचल दिवस समारोह के अवसर पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह ने राज्य के सभी कर्मचारियों और पैंशनर्ज के लिए महंगाई भत्ते में 3 प्रतिशत की बढ़ौतरी की घोषणा की। इसे 31 प्रतिशत से बढ़ाकर 34 प्रतिशत किया गया है। इस निर्णय से राज्य के लगभग 2.15 लाख कर्मचारी और 1.90 लाख पैंशनधारक लाभान्वित होंगे। इससे राजकोष पर लगभग 500 करोड़ रुपए का अतिरिक्त बोझ पड़ेगा। प्रदेश के कर्मचारियों व पैंशनर्ज को 3 फीसदी डीए की किस्त 1 जनवरी, 2022 से मिलेगी। इसकी बकाया राशि कर्मचारियों के जीपीएफ में जमा होगी तथा जिनके जीपीएफ खाते नहीं खुले हैं, उनको इसकी नकद अदायगी होगी। यह राशि वेतन व पैंशन के साथ किस तिथि से मिलेगी, इसको लेकर वित्त विभाग की ओर से अलग से अधिसूचना जारी की जाएगी।
स्पीति की 9000 महिलाओं को जून माह से 1500 रुपए की मासिक पैंशन
सीएम ने दूसरे चरण में जून, 2023 से स्पीति घाटी की 18 वर्ष से अधिक आयु की सभी 9000 महिलाओं को 1500 रुपए की मासिक पैंशन और काजा में एक महाविद्यालय और 50 बिस्तर क्षमता के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को कार्यशील करने की भी घोषणा की। इससे पहले लाहौल-स्पीति के काजा में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड की सलामी ली। आकर्षक परेड में पुलिस, होमगार्ड, ट्रैफिक पुलिस, आईआरबी, एनसीसी कैडेट, आईटीबीपी और भारत स्काऊट्स एंड गाइड्स की टुकडिय़ों ने भाग लिया। परेड कमांडर अमित यादव ने मार्च पास्ट का नेतृत्व किया। प्रदेश के गठन के बाद जनजातीय क्षेत्र में लगभग 12000 फुट की ऊंचाई पर स्थित काजा में राज्य स्तरीय हिमाचल दिवस समारोह पहली बार आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि चीन सीमा के साथ सटे क्षेत्र के निवासियों में राष्ट्रवाद की भावना कूट-कूट कर भरी है, जिसके लिए मैं सभी काजावासियों को नमन करता हूं।
सभी वर्गों और क्षेत्रों के समान और संतुलित विकास के लिए सरकार प्रतिबद्ध
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य नई पहलों के माध्यम से राज्य को आत्मनिर्भर बनाना और अर्थव्यवस्था को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि सरकार ने हरित हाईड्रोजन और अमोनिया परियोजना के लिए एक समझौता किया है, जिससे रोजगार के 3500 से अधिक अवसर सृजित होंगे और इससे 4000 करोड़ रुपए से अधिक का निवेश भी आकर्षित होगा। सरकार ने 6 ग्रीन कॉरिडोर घोषित किए हैं, जिनसे इलैक्ट्रिक वाहनों को सुविधा प्राप्त होगी। इलैक्ट्रिक वाहनों के उपयोग को बढ़ावा देने के लिए इलैक्ट्रिक बसों, ट्रकों, टैक्सियों, ऑटो और ई-गुड्स वाहन खरीदने वाले निजी ऑप्रेटरों को 50 प्रतिशत सबसिडी दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार हर क्षेत्र में पारदर्शिता और जवाबदेही को बढ़ावा देने और भ्रष्टाचारमुक्त प्रशासन सुनिश्चित करने के लिए भी प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री ने राज्य में सभी वर्गों और क्षेत्रों के लिए समान और संतुलित विकास के लिए राज्य सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराया।
6000 अनाथ बच्चों को चिल्ड्रन ऑफ द स्टेट के रूप में अपनाया
सीएम ने कहा कि सरकार ने अनाथ बच्चों को सहायता प्रदान करने के लिए 101 करोड़ रुपए के प्रारंभिक प्रावधान के साथ मुख्यमंत्री सुख आश्रय कोष की स्थापना की है। सरकार ने मुख्यमंत्री सुख आश्रय योजना के तहत लगभग 6000 अनाथ बच्चों को चिल्ड्रन ऑफ द स्टेट के रूप में अपनाया है। प्रदेश सरकार उनकी शिक्षा, स्वास्थ्य और कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। इससे पहले सीएम ने काजा मठ में पूजा-अर्चना की और प्रदेश की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की।
ओपीएस और महिलाओं को 1500 रुपए देने के वायदे पूरे किए
सीएम ने कहा कि प्रदेश सरकार ने पुरानी पैंशन योजना को बहाल करने के अपने वायदे को पूरा किया है। इससे 1.36 लाख सरकारी कर्मचारी लाभान्वित होंगे। राज्य सरकार ने प्रदेश की 2.31 लाख महिलाओं को 1500 रुपए मासिक पैंशन देने के अपने वायदे को भी पूर्ण किया है। उन्होंने कहा कि विधवा एवं एकल नारी आवास योजना के तहत इस वर्ष 7000 महिलाओं को आवास निर्माण के लिए आॢथक सहायता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि पैतृक संपत्ति के स्वामित्व में बेटियों को समान अधिकार प्रदान करने के लिए लैंड होल्डिंग सीलिंग अधिनियम, 1972 में संशोधन किया गया है।
स्पीति घाटी के लिए 3 एंबुलैंस की समर्पित
सीएम ने स्पीति घाटी के लिए 3 एंबुलैंस भी समर्पित कीं और क्रिकेट ग्राऊंड काजा में पौधरोपण किया। उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई विकासात्मक प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया। इससे पहले सीएम ने काजा मठ में पूजा-अर्चना की और प्रदेश की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी कमलेश ठाकुर, पूर्व मंत्री फुंचोग राय, पूर्व विधायक रघुवीर सिंह, मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव भरत खेड़ा, मुख्यमंत्री के ओएसडी गोपाल शर्मा, प्रधान सलाहकार मीडिया नरेश चौहान और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
हिमाचल गौरव और प्रेरणास्रोत पुरस्कार प्रदान किए
हिमाचल दिवस के अवसर पर समाजसेवा, खेल, संस्कृति के संरक्षण और अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान के लिए विभिन्न व्यक्तित्वों को हिमाचल गौरव और प्रेरणास्रोत पुरस्कार से सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने बिलासपुर जिले के घुमारवीं के छत्त प्राथमिक पाठशाला के अध्यापक लकेश चंदेल को हिमाचल गौरव पुरस्कार से सम्मानित किया। उन्होंने स्कूल भवन के समीप भूस्खलन में 36 विद्यार्थियों की जान बचाई थी। प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और लोकगीतों को संरक्षित करने के लिए प्रदेश के प्रसिद्ध गायक करनैल राणा और साहित्यिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के लिए सोलन जिले के नेम चंद को हिमाचल गौरव पुरस्कार से सम्मानित किया गया। सिरमौर जिले की रानी को खेल गतिविधियों में उनकी विशिष्ट उपलब्धियों के लिए हिमाचल गौरव पुरस्कार प्रदान किया। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन हिमाचल प्रदेश की टीबी उन्मूलन टीम को सिविल सेवा पुरस्कार प्रदान किया गया। पाइनग्रोव स्कूल कसौली के कार्यकारी निदेशक कैप्टन अमर्योत सिंह, मंडी जिले के पदमश्री नेक राम शर्मा और शिमला जिला के कोटखाई के प्रेम सिंह चौहान को प्रेरणास्रोत अवार्ड से सम्मानित किया गया।
स्पीति में 2 दिन 2 रात गुजारने वाले पहले मुख्यमंत्री बने सुखविंदर सिंह
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह ने 76वां हिमाचल दिवस स्पीति घाटी के काजा में मनाकर इतिहास रच दिया है। वह प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री हैं, जिन्होंने जनजातीय क्षेत्र काजा में आजादी के बाद पहली बार यह कार्यक्रम आयोजित करने का साहस दिखाया। इसके साथ ही वह स्पीति घाटी में एक ही दौरे में 2 दिन 2 रात गुजारने वाले पहले मुख्यमंत्री भी बन गए हैं। उन्होंने सरकार बनने के बाद स्पीति घाटी में सबसे कम समय में बतौर मुख्यमंत्री आने का इतिहास बनाया है।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here