Hamirpur: शिव और हनुमान मंदिर में चोरी, चोर लाऊड स्पीकर भी ले गए
punjabkesari.in Saturday, Aug 29, 2026 - 10:07 PM (IST)
भोरंज (रवि): जाहू के कांगूघाटी शिव और हनुमान मंदिर में चोरी का मामला सामने आया है। चोर बाइक पर सवार होकर मंदिर परिसर में पहुंचे और वारदात को अंजाम देने के बाद अपनी बाइक वहीं छोड़कर फरार हो गए। सुबह जब श्रद्धालु पूजा-पाठ के लिए मंदिर पहुंचे तो दोनों मंदिरों के ताले टूटे हुए पाए गए। स्थानीय निवासी रतन चंद ने बताया कि सुबह मंदिर पहुंचने पर ताले टूटे हुए मिले तथा भजन-कीर्तन के लिए रखा लाऊड स्पीकर भी गायब था।
इस दौरान मंदिर के पास ही एक बाइक पड़ी हुई थी जिसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बाइक को अपने कब्जे में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों के अनुसार क्षेत्र में पिछले करीब एक महीने के दौरान 4 से अधिक मंदिरों में चोरी की घटनाएं सामने आ चुकी हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि मंदिरों में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं के बावजूद अधिकांश मामलों में चोर पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। कुछ दिन पहले जाहू के एक मकान में भी बड़ी चोरी की घटना सामने आई थी। इस चोरी में भी पुलिस को कोई खास सफलता नहीं मिली है। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से मंदिरों और ग्रामीण क्षेत्रों में रात्रि गश्त बढ़ाने तथा चोरी की घटनाओं में शामिल आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है।

