Solan: खेड़ा सड़क हादसे में फरार ट्रक चालक गिरफ्तार
punjabkesari.in Thursday, Jun 18, 2026 - 04:56 PM (IST)
बीबीएन (ठाकुर): बद्दी-नालागढ़ मार्ग पर खेड़ा के समीप हुए सड़क हादसे के मामले में पुलिस ने फरार ट्रक चालक को ट्रक सहित गिरफ्तार कर लिया है। इस हादसे में बाइक सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई थी। जानकारी के अनुसार बुधवार को खेड़ा के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक चालक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। मृतक की पहचान राजू पुत्र सीता राम, निवासी गांव घलेरी, डाकघर लगदाघाट, तहसील नालागढ़ के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही थाना मानपुरा पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नालागढ़ भेजा।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी बद्दी विनोद धीमान के निर्देश पर विशेष सीसीटीवी टीम को सक्रिय किया गया। टीम ने विभिन्न स्थानों की फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण कर फरार वाहन का पता लगाया। इसके बाद नालागढ़ ट्रक यूनियन के बाहर नाकाबंदी कर संदिग्ध ट्रक को रोक लिया गया। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल बंद बॉडी कंटेनर को कब्जे में ले लिया है। आरोपी चालक लच्छो राम (49) पुत्र मुशद्दी राम, निवासी गांव भेलू, डाकघर सलोनी, तहसील सलोनी, जिला चंबा को हिरासत में लेकर थाना मानपुरा लाया गया है।

