Solan: ट्रक में छिपाकर ले जाए जा रहे 67.80 लाख की साइकोट्रोपिक टैबलेट और कैप्सूल बरामद

punjabkesari.in Saturday, Aug 29, 2026 - 09:51 PM (IST)

बीबीएन (शेर सिंह): गत दिनों बद्दी में लाखों रुपए की नशीली व अन्य दवाइयां पकड़े जाने के बाद अब चंडीगढ़-बद्दी अंतर्राज्यीय मार्ग पर सिसवां पंजाब में एक ट्रक में छिपाकर ले जाई जा रही नशे के लिए दुरुपयोग होने वाली दवाओं की खेप बरामद हुई है। अभी तक इस बात से पर्दा नहीं उठ पाया है कि यह दवाइयां हिमाचल से जा रही थीं या फिर हरियाणा से। केंद्रीय नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की टीम ने कार्रवाई करते हुए ट्रक से करीब 67.80 लाख रुपए की साइकोट्रोपिक टैबलेट और कैप्सूल बरामद किए। दवाइयों की खेप को 120 मास्टर कार्टन में रखा गया था। कार्रवाई के दौरान ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया गया और उससे पूछताछ की जा रही है।

ट्रक की तलाशी के दौरान कुल 59,08,100 अल्प्राजोलम टैबलेट, 7,47,780 ट्रामाडोल कैप्सूल, 23,700 नाइट्राजेपाम टैबलेट और 400 क्लोनाजेपाम टैबलेट बरामद की हैं। इन दवाओं को ले जाने के लिए जरूरी वैधानिक दस्तावेज भी नहीं थे। जांच में यह भी सामने आया है कि कई दवाओं की ब्लिस्टर स्ट्रिप और पैकेट से बैच नंबर, निर्माण तिथि और एक्सपायरी डेट मिटाई गई थी। केंद्रीय नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ने ट्रक और पूरी खेप को एनडीपीएस एक्ट के तहत जब्त कर लिया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News