Solan: बद्दी में पूर्व उपप्रधान पर रिश्तेदार ने चलाई गोली, PGI में मौत
punjabkesari.in Friday, Oct 17, 2025 - 07:52 PM (IST)

बरोटीवाला (ठाकुर): दून विधानसभा क्षेत्र के तहत आने वाली पहाड़ी पंचायत साई में शुक्रवार दोपहर उस समय सनसनी फैल गई जब कार सवार पूर्व उपप्रधान पर एक व्यक्ति ने गोली चला दी। गोली लगने से व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद पीजीआई चंडीगढ़ रैफर कर दिया गया। सूचना मिली है कि पीजीआई में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
सूचना मिलते ही एसपी बद्दी विनोद धीमान, उपपुलिस अधीक्षक अशोक वर्मा पुलिस टीम सहित मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। प्रारंभिक जांच में मामला आपसी रंजिश का बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार हमलावर मृत व्यक्ति की पत्नी का भाई है, जिसने पुरानी रंजिश के चलते गोली चलाई और मोटरसाइकिल पर फरार हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पूर्व उपप्रधान सोहनलाल शुक्रवार दोपहर लगभग डेढ़ बजे अपनी कार से साई पंचायत की ओर जा रहे थे। जैसे ही वह साई बस स्टैंड के समीप पहुंचे, तभी बाइक सवार युवक ने उन पर गोली चला दी। गोली बाजू और छाती के पास लगी। स्थानीय लोगों ने उन्हें तुरंत सीएचसी बद्दी पहुंचाया, जहां से डाक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए पीजीआई चंडीगढ़ रैफर कर दिया। सूत्रों ने बताया कि पूर्व उपप्रधान की कुछ माह पहले ही करीब 40 वर्ष की उम्र में शादी हुई थी और उसके बाद दोनों परिवारों में संबंध बिगड़ते रहे।
बताया जा रहा है कि इसी कारण शुक्रवार को यह गोली चलाई गई। एसपी बद्दी विनोद धीमान ने बताया कि एक व्यक्ति को गोली लगने की सूचना मिली थी। पुलिस ने तुरंत मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपित की तलाश में टीमें गठित कर दी गई हैं। उन्होंने कहा कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।