शिकारी माता मंदिर में जाने पर रोक, बर्फबारी में फंसे 20 लोग किए रैस्क्यू

punjabkesari.in Thursday, Apr 22, 2021 - 08:15 AM (IST)

मंडी (ब्यूरो): मंडी जिला की सबसे ऊंची चोटी पर स्थित माता शिकारी के दर्शन करने पहुंचे करीब 20 लोग मंगलवार रात बर्फबारी में फंस गए। इस दौरान सड़क  पर वाहन चलना बंद हो गए और फंसे लोगों ने प्रशासन से मदद की गुहार लगाई, जिसके बाद सभी 20 लोगों को प्रशासन ने रैस्क्यू किया है। करीब 6 घंटे तक रैस्क्यू अभियान एसडीएम पारस अग्रवाल की अगुवाई में चला, जिसमें बर्फ  में फंसे पर्यटकों को रैस्क्यू किया गया। एसडीएम ने बताया कि बर्फ में फंसी पर्यटकों की गाड़ियाें को बाहर निकाला गया और सभी लोगों को सुरक्षित जंजैहली पहुंचा दिया है।

उधर, मौसम खराब होने पर एसडीएम जंजैहली पारस अग्रवाल ने पर्यटकों और श्रद्धालुओं के लिए फिलहाल शिकारी माता मंदिर जाने पर रोक लगा दी है। एसडीएम ने बताया कि शिकारी देवी में फंसे सभी श्रद्धालुओं को सुरक्षित निकाल दिया है। उन्होंने बताया कि जब तक मौसम खराब है श्रद्धालु और पर्यटक शिकारी देवी जाने से परहेज करें। बताया जा रहा है कि नवरात्र पूजन के लिए शिकारी देवी गए लोगों के बर्फबारी के बीच फंसने की सूचना के बाद ही प्रशासन हरकत में आया जिससे खराब मौसम के बीच ही रैस्क्यू अभियान चला और फंसे लोगों को सुरक्षित वापस लाया गया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News