Hamirpur: सुजानपुर में पागल कुत्ते का आतंक, 2 बच्चियों समेत 9 लोगों को बनाया शिकार
punjabkesari.in Thursday, Mar 19, 2026 - 07:38 PM (IST)
सुजानपुर (अश्वनी): सुजानपुर शहर में इन दिनों एक पागल कुत्ते ने भारी दहशत फैला रखी है। महज तीन दिनों के भीतर इस पागल कुत्ते ने 2 बच्चियों समेत 9 लोगों को अपना शिकार बना लिया है। कुत्ते का खौफ इस कदर है कि प्रशासन ने लोगों को घरों से बाहर निकलते समय हाथ में डंडा रखने की विशेष एडवाइजरी जारी कर दी है। वहीं पागल कुत्ते के काटने के बाद अस्पताल पहुंचे सभी 9 लोगों को वैक्सीनेशन व दवाई देकर घर भेज दिया है।
सिविल अस्पताल सुजानपुर में तैनात बीएमओ डॉ. राजकुमार ने बताया कि पागल कुत्ते के काटने का सिलसिला 17 मार्च से शुरू हुआ। 17 मार्च से 19 मार्च के अंतराल में कुत्ते ने 9 लोगों को अपना शिकार बनाया। उन्होंने बताया कि 17 मार्च को 4, 18 मार्च को 3 और 19 मार्च को 2 लोगों को पागल कुत्ते ने अपना शिकार बनाया है। इनमें 5 पुरुष, 2 महिलाएं व 2 बच्चियां शामिल हैं। शिकार हुए 7 लोग स्थानीय निवासी, जबकि 2 पुरुष बाहरी राज्य से संबंध रखते हैं, जो होली मेले में कारोबार कर रहे हैं।
बीएमओ ने बताया कि वैक्सीनेशन व दवाइयां अस्पताल में पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं। उन्होंने नगर परिषद सुजानपुर व पशुपालन विभाग से आग्रह करते हुए कहा कि पागल कुत्ते को पकड़ने के लिए संबंधित विभाग अपने स्तर पर उचित कदम उठाएं, ताकि पागल कुत्ता अन्य लोगों या फिर बेसहारा व पालतू जानवरों को अपना शिकार न बनाए।
अभी तक पकड़ में नहीं आया है पागल कुत्ता
उधर, इस बारे नगर परिषद सुजानपुर के कार्यकारी अधिकारी हर्षित शर्मा ने बताया कि पागल कुत्ते को पकड़ने के लिए टीम भेजी गई है, लेकिन अभी तक पागल कुत्ता पकड़ में नहीं आया है। उन्होंने होली मेला व्यापारियों व होली में आने वाले लोगों तथा शहरवासियों से आग्रह किया कि वे पैदल आते-जाते समय सचेत रहने के साथ-साथ हाथ में डंडा रखें, ताकि इस तरह की किसी अनहोनी घटना से अपने आप को सुरक्षित रख जा सके। वहीं पशुपालन विभाग सुजानपुर में तैनात वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर हर्षा महाजन ने कहा कि पागल कुत्ते के पकड़े जाने के बाद 2-3 दिनों तक उसे बांधने के बाद उसके लक्षणों के बारे में जांच की जाएगी कि उसमें किस तरह के लक्षण हैं और उसी के अनुसार विभाग वैक्सीनेशन करेगा।

