Solan: घर आकर दिया था भाजपा में शामिल होने का न्यौता: राम कुमार
punjabkesari.in Friday, Sep 19, 2025 - 09:37 PM (IST)

बद्दी: दून के विधायक राम कुमार चौधरी ने शुक्रवार को बद्दी में पत्रकार वार्ता कर राज्यसभा सांसद हर्ष महाजन पर तीखा पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि हर्ष महाजन झूठ बोल कर लोगों को गुमराह करने की ओछी राजनीति कर रहे हैं। वह स्वयं उनके निवास पर मिलने आए थे और भाजपा में शामिल करने के लिए बड़े न्यौते भी दिए थे। उन्होंने कहा कि हर्ष महाजन जैसे नेता जो स्वयं पार्टी को दगा देकर भाजपा के खेमे में जा बैठे हैं, उन्हें ऐसे निराधार आरोप लगाना शोभा नहीं देता है। विदित रहे कि बीते दिनों बद्दी दौरे पर आए राज्यसभा सांसद हर्ष महाजन ने एक जनसभा में दून विधायक व उनकी धर्मपत्नी पर आरोप जड़ा था कि वे दोनों उनसे चंडीगढ़ में मिल कर भाजपा में शामिल करवाने की गुहार लगा रहे थे।
सांसद ने यह भी आरोप लगाया था कि दून के विधायक ने अपने अवैध कारोबार के डर से बचने का भी हवाला दिया था। विधायक ने कहा कि सांसद को कोई केंद्रीय मदद व ठप्प पड़े फोरलेन मार्ग को स्पीडअप करने के मुद्दे पर बात करनी चहिए। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि वह कांग्रेस को कमजोर करने की जिम्मेदारी लेकर घूम रहे थे, लेकिन उनके मंसूबे पूरे नहीं हो सके। इस मौके पर दून ब्लाॅक कांग्रेस प्रधान कुलतार मेहता, पूर्व प्रधान अच्छरपाल कौशल, मान सिंह कुंडलस, ब्लाॅक यूथ कांग्रेस अध्यक्ष कुलवीर चौधरी, उपप्रधान बिल्लू खान, सुरेन्द्र कुमार, चन्नू, अभी चौधरी, दिनेश व मितू सैणी सहित कई अन्य उपस्थित रहे।