बाबा बालक नाथ का चमत्कार! एक अरदास से खुल गई 3 साल के मासूम की जुबान, आभार जताने पहुंचा परिवार

punjabkesari.in Friday, Apr 03, 2026 - 09:01 PM (IST)

शाहतलाई (हिमल): उत्तर भारत के प्रसिद्ध सिद्धपीठ बाबा बालक नाथ मंदिर शाहतलाई में आस्था और चमत्कार का एक बेहद भावुक प्रसंग सामने आया है। यहां दिल्ली से आए एक परिवार की मन्नत पूरी होने पर खुशी के आंसू छलक पड़े। जो 3 वर्षीय बच्चा जन्म के बाद से बोल नहीं पाता था, वह अब बाबा की कृपा से स्पष्ट रूप से बोलने लगा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिल्ली निवासी 3 वर्षीय बालक सिमरन के माता-पिता पिछले वर्ष शाहतलाई दरबार पहुंचे थे। उस समय सिमरन बोलने में पूरी तरह असमर्थ था। परेशान परिजनों ने मंदिर के पंडित सरवण कुमार शर्मा के माध्यम से बाबा बालक नाथ के चरणों में एक अरदास करवाई थी और मन्नत मांगी थी कि उनका बच्चा सामान्य बच्चों की तरह बोलने लगे।

एक साल के भीतर ही दिखा चमत्कार
परिवार का कहना है कि अरदास के बाद एक वर्ष के भीतर ही सिमरन ने चमत्कारिक रूप से बोलना शुरू कर दिया। अब वह स्पष्ट रूप से शब्दों का उच्चारण कर रहा है। बच्चे को बोलता देख परिवार की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। बाबा जी का आभार व्यक्त करने के लिए यह परिवार एक बार फिर शाहतलाई दरबार पहुंचा। मंदिर में जब परिवार ने शीश नवाकर धन्यवाद की अरदास की, तो उनकी आंखें नम थीं और चेहरों पर असीम संतोष झलक रहा था।

खाली हाथ नहीं लौटता कोई श्रद्धालु: पंडित सरवण
पंडित सरवण कुमार शर्मा ने बताया कि कलियुग में बाबा बालक नाथ की महिमा अपरंपार है। सिमरन के मामले में पिछले वर्ष की गई अरदास का ही यह फल है। उन्होंने कहा कि सच्चे मन से जो भी श्रद्धालु बाबा के दरबार में आता है, वह कभी खाली हाथ नहीं लौटता। गौरतलब है कि इन दिनों शाहतलाई में चैत्र मास के मेले चल रहे हैं। ऐसे में सिमरन की यह कहानी श्रद्धालुओं के बीच आस्था का एक नया संचार कर रही है। यहां दूर-दराज से लोग इसी तरह अपनी मनोकामनाएं लेकर पहुंचते हैं और मुराद पूरी होने पर बाबा का गुणगान करने वापस आते हैं।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News