Solan: जंगल से आए अचानक खूंखार जानवर ने किया युवक पर हमला
punjabkesari.in Monday, Mar 09, 2026 - 04:39 PM (IST)
अर्की (सुरेंद्र): उपमंडल के सरली गांव में सोमवार सुबह लगभग 7 बजे दूध लेने जा रहे एक युवक प्रवेश निवासी सरली पर तेंदुए ने हमला कर दिया। गनीमत यह रही कि युवक ने निडरता दिखाते हुए तेंदुए के साथ डटकर मुकाबला किया व तेंदुए के चंगुल से बच गया। हालांकि इस घटना में तेंदुए की मौत हो गई तथा घायल अवस्था में युवक को अर्की अस्पताल लाया गया जहां युवक का उपचार चल रहा है । युवक ने बताया कि वह सुबह लगभग 7 बजे अपने खेतों से होकर दूध लेने के लिए जा रहा था कि अचानक घात लगाकर बैठे तेंदुए ने उस पर हमला बोल दिया। लगभग 12 मिनट तक युवक ने तेंदुए के साथ डटकर मुकाबला किया तथा अंत में जैसे ही तेंदुए ने युवक पर दोबारा हमला किया युवक ने तेंदुए के जबडे़ को पकड़कर उसके हमले को विफल कर दिया।
युवक अर्की औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में इलैक्ट्रीशियन ट्रेड में द्वितीय वर्ष में अध्ययनरत है। युवक के चाचा श्याम लाल ने बताया कि इस बारे में संबंधित विभाग को 6 मार्च को सूचित किया गया था व पिंजरा लगाने की मांग की थी, क्योंकि उस दिन भी सुबह के समय लगभग 7:30 बंजे तेंदुए ने एक स्कूटी सवार पर हमला किया था तथा स्कूटी सवार अपनी स्कूटी छोड़कर भाग गया था। उधर, वन मंडलाधिकारी राज कुमार शर्मा ने बताया कि विभाग द्वारा घायल युवक को फौरी राहत के तौर पर 5 हजार रुपए की राशि दे दी गई है तथा विभाग के अधिकारी मौके पर हैं तथा छानबीन जारी है।

