Solan News: आरएलए वाहन पंजीकरण फर्जीवाड़े में SIT का बड़ा एक्शन, एक और मास्टरमाइंड गुरुग्राम से गिरफ्तार
punjabkesari.in Friday, Jul 03, 2026 - 07:57 PM (IST)
सोलन (नरेश पाल): सोलन के बहुचर्चित आरएलए वाहन पंजीकरण फर्जीवाड़े में पुलिस के विशेष जांच दल (एसआईटी) को एक और बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। सोलन पुलिस ने इस घोटाले के एक और मास्टरमाइंड को हरियाणा के गुरुग्राम से गिरफ्तार कर लिया है। इस शातिर आरोपी की गिरफ्तारी के साथ ही इस मामले में सलाखों के पीछे पहुंचने वाले आरोपियों की संख्या अब 8 हो गई है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार इस साल मई महीने में घोटाले के मुख्य मास्टरमाइंड गौरव भारद्वाज को गिरफ्तार किया गया था। पुलिस की कड़ी पूछताछ में गौरव ने गुरुग्राम निवासी साहुन खान के नाम का खुलासा किया था। जांच में सामने आया कि साहुन खान ही वह तकनीकी मास्टरमाइंड था, जो वाहन पोर्टल को हैक करने और उसमें फर्जी आईडी बनाने का काम करता था। नाम सामने आने के बाद पुलिस ने साहुन खान को पकड़ने के लिए उसके संभावित ठिकानों पर कई बार दबिश दी, लेकिन वह हर बार पुलिस को गच्चा देकर फरार होने में कामयाब रहा। आखिरकार अब पुलिस ने जाल बिछाकर उसे गुड़गांव से धर दबोचा है।
विदित रहे कि इस बड़े फर्जीवाड़े का खुलासा 26 जनवरी को हुआ था, जब तत्कालीन एसडीएम सोलन डॉ. पूनम बंसल ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई थी। शुरुआत में यह मामला यूपी नंबर के 3 ट्रालों को आरएलए सोलन में फर्जी तरीके से पंजीकृत कर आरएलए झंडूता (बिलासपुर) ट्रांसफर करने का था। लेकिन, जब पुलिस ने मामले की गहराई से जांच की, तो पता चला कि यह खेल केवल 3 ट्रालों तक सीमित नहीं था, बल्कि 70 से अधिक वाहनों को सोलन में फर्जी तरीके से पंजीकृत कर बिलासपुर और झंडूता आरएलए को ट्रांसफर किया गया था।
घोटाले का दायरा बड़ा होता देख एसपी सोलन ने इसकी जांच के लिए एक एसआईटी का गठन किया था। यह टीम डीएसपी अशोक चौहान की अध्यक्षता में काम कर रही है, जिसमें थाना प्रभारी हंसराज सहित कई अन्य तेजतर्रार सदस्य शामिल हैं। पुलिस ने इस मामले में पहले तत्कालीन पंजीकरण क्लर्क और मुख्य आरोपी गौरव भारद्वाज सहित 7 अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया और अब साहुन खान को दबोचा है। डीएसपी अशोक चौहान ने इस नई गिरफ्तारी की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि गुरुग्राम से पकड़ा गया यह आरोपी इस पूरे फर्जीवाड़े का एक अहम मास्टरमाइंड है। फिलहाल पुलिस साहुन खान से कड़ी पूछताछ कर रही है, जिससे इस रैकेट से जुड़े कई और बड़े खुलासे होने की उम्मीद है।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

