Una: घन्घरेट में तेंदुए का आतंक, ग्रामीणों में दहशत

punjabkesari.in Wednesday, Dec 04, 2024 - 02:33 PM (IST)

अम्ब (अश्विनी): उपमंडल अम्ब के तहत ग्राम पंचायत घन्घरेट में तेंदुए के आतंक से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। बीते कुछ दिनों से तेंदुआ रात के समय गांव के करीब मंडरा रहा है। स्थानीय निवासी पुष्पिन्दर, राजेश शर्मा, आशीष शर्मा, मुनीष व नरेश कुमारी आदि का कहना है कि पंचायत के वार्ड नम्बर-5 में कई लोगों ने तेंदुए को रिहायशी मकानों के आसपास देखा है। तेंदुआ रात में अक्सर बस्ती के पास आ जाता है, जिससे महिलाएं और बच्चे घर से बाहर निकलने में डर महसूस कर रहे हैं।

गांव के केशव चंद का कहना है कि दो दिन पहले दिन के समय वह रास्ते पर जा रहा था तो तेंदुआ उसके सामने आ गया। इस बीच उसने भाग कर जान बचाई। लोगों ने वन विभाग से जल्द से जल्द तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरे लगाने की मांग उठाई है। वन रेंज अधिकारी भरवाई पूर्ण राम का कहना है कि वर्तमान में पिंजरा ग्राम पंचायत चोआर में लगाया गया है। विभाग के आलाधिकारी ने बताया कि टीम को मौके पर भेजा जाएगा और उचित स्थल पर पिंजरा लगाकर तेंदुए को पकड़ने के प्रयास किए जाएगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News