अब एप पर मिलेंगी ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग की सभी योजनाएं
punjabkesari.in Friday, Feb 24, 2023 - 08:37 PM (IST)

शिमला (प्रीति): ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग की योजनाएं अब लोगों को एप पर मिलेंगी। केंद्र सरकार ने लोगों को राहत देने के लिए ई-ग्राम स्वराज और ग्राम मानचित्र एप शुरू की है। इस एप के इस्तेमाल और लोगों को इस बारे जागरूक करने के लिए शुक्रवार को शिमला में पंचायती राज विभाग ने एकदिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया। इसमें हिमाचल सहित 8 राज्यों के पंचायत प्रतिनिधियों, ग्रामीण विकास मंत्रालय के अधिकारियों और प्रदेश ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग के अधिकारियों ने भाग लिया। हर पंचायत में इसके क्रियान्वयन और लोगों में जागरूकता पैदा करने को लेकर कार्यशाला में विचार सांझा किए गए। इस मौके पर हिमाचल प्रदेश पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस कार्यशाला में संबंधित मंत्रालय के संयुक्त सचिव ए.पी. नागर, हरियाणा के एसीएस ए. मलिक, उत्तराखंड, कर्नाटक, पंजाब, हरियाणा, ओडिशा और उत्तर प्रदेश के पंचायत प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
17 सतत् विकास लक्ष्य को 9 थीम में किया है विभाजित
केंद्र सरकार ने 17 सतत् विकास लक्ष्य को 9 थीम में विभाजित किया है। इसमें गरीब मुक्त और आजीविका गांव, स्वस्थ गांव, बाल मैत्री गांव, जल पर्याप्त गांव, स्वच्छ और हरा-भरा गांव, आत्मनिर्भर बुनियादी ढांचा, सामाजिक रूप से सुरक्षित गांव व महिला सहयोगी गांव शामिल हैं। ग्राम स्तर पर इस संबंध में अब योजना बनाई जाएगी।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here