कृषि मंत्री ने थानाकलां में किया गौ अभ्यारण्य का निरीक्षण, गौवंश की पूजा के बाद किया ये बड़ा दावा

punjabkesari.in Saturday, Jan 29, 2022 - 03:46 PM (IST)

परिवार सहित की गौवंश की पूजा-अर्चना 
ऊना (अमित शर्मा):
हिमाचल प्रदेश के कृषि एवं पशुपालन मंत्री वीरेंद्र कंवर ने शनिवार को कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के थानाकलां स्थित गौ अभ्यारण्य का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परिवार सहित थानाकलां में ही स्थित गौशाला में गौवंश की पूजा-अर्चना भी की। पशुपालन मंत्री ने दावा किया है कि प्रदेश के अधिकांश गौवंश को जून 2022 तक सहारा उपलब्ध कराया जाएगा ताकि गौवंश को सड़कों पर बेसहारा न घूमना पड़े। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने सत्तासीन होने के बाद प्राथमिकता के आधार पर इस काम को शुरू किया था। जिसके आज सकारात्मक परिणाम भी सामने आने लगे हैं। 

कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के दौरे के दौरान गौ अभ्यारण्य का निरीक्षण करने बाद पत्रकारों से बात करते हुए कृषि एवं पशुपालन मंत्री वीरेंद्र कंवर ने कहा कि प्रदेश को आवारा गोवंश की समस्या से निजात दिलाने के साथ-साथ गोवंश को एक मुकम्मल आश्रय देना सरकार की प्राथमिकता रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने सत्ता संभालने के बाद जहां प्रदेश में गौ सेवा आयोग का गठन किया। वही बड़ी-बड़ी गौशाला और गौ अभ्यारण्य का निर्माण करते हुए आवारा गौवंश को निश्चित स्थान पर आश्रय उपलब्ध करवाने का बीड़ा भी उठाया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा तय किए गए लक्ष्य के अनुसार जून 2022 तक प्रदेश भर की सड़कों को आवारा गोवंश से मुक्त किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि गौ सेवा के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए प्रदेश भर में विभिन्न गैर सरकारी संस्थाओं द्वारा संचालित की जा रही गौशालाओं में प्रत्येक गोवंश के लिए 500 रुपए सहायता राशि उपलब्ध कराना शुरू किया गया है। कृषि मंत्री ने धर्म पत्नी सहित गौशाला में गौ पूजा करने के बाद कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से गौ रक्षा राशि को 500 रुपए से अधिक करने का भी निवेदन किया गया है ताकि गौशालाओं का संचालन करने वाली गैर-सरकारी संस्थाओं को समस्याओं से न जूझना पड़े। उन्होंने कहा कि भविष्य में कोई भी पशुपालक अपनी गौ वंश को सड़कों पर आवारा ना छोड़े इसके लिए भी कठोर कानून लाने की कवायद शुरू की गई है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

prashant sharma

Recommended News

Related News