Mandi: अग्निवीर भर्ती रैली में दिखा जोश, 278 युवाओं ने लगाई 1.6 KM दौड़...200 ने मारी बाजी

punjabkesari.in Saturday, Mar 28, 2026 - 05:15 PM (IST)

मंडी (रजनीश): मुख्यालय भर्ती जोन अंबाला के अंतर्गत सेना भर्ती कार्यालय मंडी द्वारा पंडोह में चल रही अग्निवीर भर्ती रैली में युवाओं का जबरदस्त उत्साह और देश सेवा का जज्बा देखने को मिला। शनिवार को मंडी जिले के उपायुक्त (डीसी) अपूर्व देवगन विशेष रूप से पंडोह स्थित भर्ती रैली स्थल पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने सेना के अधिकारियों से संवाद किया और चल रही पूरी भर्ती प्रक्रिया का जायजा लेते हुए विभिन्न पहलुओं की विस्तृत जानकारी हासिल की।

शनिवार को मुख्य रूप से अग्निवीर क्लर्क और स्टोर कीपर के पदों के लिए चयन प्रक्रिया आयोजित की गई। इस दौरान मंडी, कुल्लू और लाहौल-स्पीति जिलों के कुल 278 युवाओं ने मैदान में अपना दमखम दिखाया। शारीरिक दक्षता का परिचय देते हुए इन 278 में से 200 युवाओं ने 1.6 किलोमीटर की दौड़ को सफलतापूर्वक पास कर लिया। 

1684 युवाओं का होगा मेडिकल
भर्ती निदेशक कर्नल गौतम निशांत ने बताया कि यह पूरी भर्ती प्रक्रिया शत-प्रतिशत निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संचालित की गई है। शनिवार को शारीरिक फिटनैस टैस्ट और शारीरिक माप टैस्ट का अंतिम दिन था। कर्नल निशांत ने आंकड़े सांझा करते हुए बताया कि इस रैली के लिए मंडी, कुल्लू और लाहौल-स्पीति जिलों से कुल 2959 युवाओं ने पंजीकरण करवाया था, जिनमें से 2436 अभ्यर्थी मैदान में रैली में शामिल हुए। कड़े शारीरिक और माप परीक्षणों को पार करते हुए 1684 अभ्यर्थी सफलता हासिल कर अंतिम मेडिकल जांच के लिए योग्य पाए गए हैं। अब इन युवाओं का मेडिकल टैस्ट होगा।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News