Shimla: उपनगरों में तहबाजारियों पर चला नगर निगम का डंडा, 12 के खिलाफ की कार्रवाई

punjabkesari.in Sunday, Sep 15, 2024 - 04:28 PM (IST)

शिमला (वंदना): शिमला में अवैध तरीके से बाजारों पर कब्जा करने वालें तहबाजारियों पर रविवार को नगर निगम का डंडा चला। शहर के लोअर बाजार समेत उपनगरों टूटू, संजौली, ढली में अवैध तरीके से बैठे तहबाजारियों पर निगम ने कार्रवाई की है। नगर निगम प्रशासन की ओर से अवैध तरीके से शहर की सड़कों पर तहबाजारियों के बैठने पर रोक लगाई गई है, बावजूद इसके भी बाहरी क्षेत्रों से तहबाजारी शिमला पहुंच कर सड़काें पर अपनी दुकान लगा रहे हैं।

12 तहबाजारियों का सामान कब्जे में लिया
रविवार को नगर निगम की टीम ने तहबाजारी इंस्पैक्टर रमेश ठाकुर की अगुवाई में लोअर बाजार से तहबाजारियों को हटाया। यहां पर 5 तहबाजारियों का सामान कब्जे में लिया और उन्हें दोबारा यहां न बैठने की चेतावनी भी दी गई। इसके बाद निगम की टीम ने बालूगंज से टूटू उपनगर का दौरा किया। इस दौरान टूटू विजयनगर में एक व्यक्ति द्वारा वर्षाशालिका पर कब्जा किया हुआ पाया गया। निगम को इसकी शिकायत मिली थी। मौके पर गई टीम ने वर्षाशालिका से उक्त तहबाजारी को उठाया। इसके बाद निगम की टीम ने संजौली और ढली उपनगरों में सड़कों के किनारे बैठे तहबाजारियों पर कार्रवाई की। यहां पर ढली से लेकर संजौली तक 6 तहबाजारियों को उठाया गया। निगम ने सामान को कब्जे में ले लिया है। तहबाजारी इंस्पैक्टर रमेश ठाकुर ने बताया कि रविवार को निरीक्षण के दौरान 12 तहबाजारियों पर कार्रवाई की गई है।

संजौली बाजार को निगम ने घोषित किया है नो वैंडिंग जोन
नगर निगम ने स्ट्रीट वैंडिंग एक्ट के तहत संजौली बाजार को नो वैंडिंग जोन घोषित किया हुआ है। यहां पर तहबाजारियों के बैठने पर पूरी तरह से रोक है,बावजूद इसके भी यहां पर अवैध तरीके से तहबाजारी बैठ रहे हैं। वैंडिंग एक्ट के तहत निगम ने पूरे शिमला शहर में दुकानों के बाहर तहबाजारियों के बैठने पर रोक लगाई है। निगम जल्द ही इस एक्ट को शहर में लागू करने जा रहा है। इसके तहत नियमों की उल्लंघना करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News