कुल्लू पुलिस के हाथ लगी बड़ी सफलता, हैरोइन तस्करी के आरोपी 2 विदेशी दिल्ली से गिरफ्तार

punjabkesari.in Wednesday, Mar 17, 2021 - 06:38 PM (IST)

कुल्लू (संजीव जैन): पुलिस की विशेष टीम ने हैरोइन तस्करी के आरोप में 2 नाइजीरियन नागरिकों को गिरफ्तार किया है। वहीं उनके कब्जे से 46 ग्राम हैरोइन बरामद की गई है। इसी मामले से जुड़े एक महिला व 2 व्यक्तियों को पहले ही पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है। बता दें कि कुल्लू पुलिस की विशेष टीम ने 27 फरवरी को बजौरा में 2 व्यक्तियों से हैरोइन बरामद की थी और उन्हें अदालत में पेश किया था, जहां से आरोपी जमानत लेकर दोबारा से इसी काम में जुट गए।

बीते 13 मार्च को एक आरोपी थरवन कुमार व उसकी महिला मित्र को पुलिस की टीम ने हैरोइन की तस्करी के मामले में गिरफ्तार किया। जब उनसे हैरोइन के मुख्य सप्लायर के बारे में छानबीन की गई तो पता चला कि वे दिल्ली से यह हैरोइन खरीद कर लाए थे। आरोपियों से हुई पूछताछ के बाद कुल्लू पुलिस की विशेष टीम को दिल्ली के लिए रवाना किया गया, जहां से हैरोइन के मुख्य सप्लायर 2 नाइजीरियन नागरिकों को गिरफ्तार कर  कुल्लू लाया गया है। वहीं दोनों आरोपियों के कब्जे से 46 ग्राम हैरोइन बरामद की गई है।

एसपी कुल्लू गौरव सिंह ने बताया कि दोनों आरोपियों में से एक नाइजीरियन मारपीट के मामले में बिलासपुर जेल में बंद रहा है और जमानत मिलने के बाद वह दोबारा से हैरोइन के धंधे में जुट गया था। अब पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है और इस मामले में उन्हें अदालत में पेश करने की प्रक्रिया भी पूरी की जा रही है। आरोपी विदेशियों की पहचान वेन ओफर व क्रिश्चियन के रूप में हुई है। गौर रहे कि कुल्लू पुलिस की टीम द्वारा अभी तक 22 अफ्रीकी मूल के नागरिकों तथा 6 अन्य विदेशी नागरिकों को नशा तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया गया है और 20 विदेशी नागरिक अभी भी जेल में बंद हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News