Himachal: ऊना-अम्ब हाईवे पर भीषण हादसा, बस की चपेट में आने से बाइक सवार बुजुर्ग की मौत

punjabkesari.in Thursday, Nov 19, 2026 - 12:43 PM (IST)

ऊना: हिमाचल प्रदेश के जिला ऊना में वीरवार की सुबह पेश आए एक सड़क हादसे में बाइक सवार की मौत हो गई। यह हादसा ऊना-अम्ब राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुआ। मृतक की पहचान धर्मपाल (63) निवासी ऊना के रूप में की गई है। घटना के बाद से क्षेत्र में शोक और प्रशासन के प्रति भारी रोष का माहौल व्याप्त है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार धर्मपाल सुबह अपनी बाइक पर सवार होकर जा रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक पतंजलि स्टोर और पैट्रोल पंप के समीप पहुंची तो वहां बने एक कट के पास एक निजी बस ने उन्हें अपनी चपेट में लिया। हादसे के तुरंत बाद घटनास्थल पर मौजूद स्थानीय लोगों ने घायल धर्मपाल को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने प्रारंभिक जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया है और संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय निवासियों के अनुसार हादसे का मुख्य कारण सड़क पर बना वह कट है, जिसे लेकर पूर्व में भी कई बार प्रशासन के समक्ष कड़ी आपत्ति दर्ज करवाई जा चुकी है। इस कट से शहर की एक घनी आबादी वाली कॉलोनी को मुख्य रास्ता जाता है, जिसके चलते यहां अक्सर वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं। इसके अतिरिक्त विपरीत दिशा से आने वाले वाहनों के कारण इस स्पॉट पर हर समय दुर्घटना का खतरा मंडराता रहता है।

हादसे के बाद आक्रोशित स्थानीय लोगों ने इस विवादित कट पर जिला एवं पुलिस प्रशासन से यातायात व्यवस्था को सुरक्षित और सुदृढ़ करने की पुरजोर मांग उठाई है ताकि भविष्य में ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति न हो सके।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News