चंडीगढ़-शिमला हाईवे पर हादसा, हरियाणा नंबर की टैक्सी का हुआ बुरा हाल, चालक गंभीर घायल
punjabkesari.in Friday, Dec 12, 2025 - 12:56 PM (IST)
सोलन (नरेश पाल): हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में आज सुबह एक तेज रफ्तार कार भीषण हादसे का शिकार हो गई। चंडीगढ़-शिमला राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुमारहट्टी फ्लाईओवर के समीप हरियाणा नंबर की एक टैक्सी अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि गाड़ी का अगला हिस्सा एक तरह से बुरी तरह पिचक गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार यह टैक्सी चंडीगढ़ से शिमला की ओर जा रही थी। जैसे ही गाड़ी कुमारहट्टी फ्लाईओवर के पास पहुंची ताे सुबह की तेज धूप सीधे चालक की आंखों पर पड़ी, जिससे उसकी आंखें चौंधिया गईं। धूप के कारण चालक को सामने का डिवाइडर दिखाई नहीं दिया। चश्मदीदों के मुताबिक गाड़ी की रफ्तार काफी तेज थी, जिस कारण चालक समय रहते ब्रेक नहीं लगा सका और गाड़ी सीधे डिवाइडर से टकरा गई।
हादसे में टैक्सी चालक गंभीर रूप से घायल हो गया है। उसे स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से तुरंत सोलन के क्षेत्रीय अस्पताल भेजा गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। दुर्घटना के बाद कुमारहट्टी के नीचे वाली सड़क पर यातायात पूरी तरह ठप्प हो गया। सड़क के बीचोंबीच दुर्घटनाग्रस्त वाहन के होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। काफी मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त टैक्सी को सड़क से हटाया गया, जिसके बाद ट्रैफिक धीरे-धीरे सुचारू हो पाया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि यदि टैक्सी की गति नियंत्रित होती तो शायद चालक गाड़ी को संभाल सकता था। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।

