Kangra News: भागसूनाग वाटरफॉल के पास 59 वर्षीय व्यक्ति के साथ हुआ ये हादसा, मौके पर गई जान
punjabkesari.in Saturday, Aug 08, 2026 - 08:10 PM (IST)
धर्मशाला (ब्यूरो): कांगड़ा जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल भागसूनाग वाटरफॉल के पास शनिवार को एक दर्दनाक हादसा पेश आया। यहां वाटरफॉल के समीप बनी पगडंडी पर चलते हुए पैर फिसलने से एक 59 वर्षीय व्यक्ति की नीचे गिरने के कारण मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान मान सिंह निवासी गांव चौला के रूप में हुई है। इस दुखद घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है।
इस घटना की भनक सबसे पहले नगर निगम धर्मशाला के मेयर शमशेर सिंह नैहरिया को लगी। उन्होंने तुरंत सतर्कता दिखाते हुए पुलिस थाना को सूचित किया कि भागसूनाग वाटरफॉल के पास एक व्यक्ति मृत अवस्था में पड़ा है। मेयर की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अपनी पुलिस टीम के साथ फौरन घटनास्थल पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह तथ्य सामने आया है कि मान सिंह भागसूनाग वाटरफॉल के समीप पगडंडी रास्ते से गुजर रहे थे। इसी दौरान अचानक उनका संतुलन बिगड़ा और पैर फिसलने के कारण वह सीधे नीचे जा गिरे। गिरने की वजह से उनके सिर में गंभीर चोट आई, जिसके चलते उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
पुलिस टीम ने मौके की स्थिति का मुआयना करने के बाद कानूनी औपचारिकताएं पूरी करते हुए मृतक के बेटे का बयान भी दर्ज कर लिया है। शव को कब्जे में लेकर धर्मशाला स्थित जोनल अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया गया है। मामले की पुष्टि करते हुए एएसपी वीर बहादुर ने बताया कि पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और शव का पोस्टमार्टम 9 अगस्त को जोनल अस्पताल धर्मशाला में करवाया जाएगा, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

