Shimla: नगर निगम नशे से दूर रखने के लिए बनाएगा कमेटी, नशेड़ियों पर रखी जाएगी नजर

punjabkesari.in Thursday, Mar 20, 2025 - 02:09 PM (IST)

शिमला, (वंदना): राजधानी शिमला में नशे के बढ़ते मामलों को देखते हुए नगर निगम प्रशासन वार्ड स्तर पर जागरूकता अभियान शुरू करने जा रहा है। इसमें निगम पार्षदों की अगुवाई में विशेष कमेटी गठित की जाएगी और इसमें नशेड़ियों पर नजर रखी जाएगी। इस समिति में पार्षदों के साथ वार्ड के बुद्धिजीवी लोगों को भी शामिल किया जाएगा जो युवाओं को नशे से दूर रखने के प्रति जागरूक करेंगे। इसके लिए वार्ड स्तर पर बैठकें होंगी जिसमें ऐसे लोगों पर नजर रखने के लिए विशेष रणनीति बनाई जाएगी। नगर निगम की सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता समिति को भी निगम ने शक्तियां प्रदान की हैं जो नशे से जुड़े मामलों पर नजर रखेगी और लोगों को जागरूक करने की दिशा में काम करेगी।

सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता समिति की अध्यक्ष डिप्टी मेयर उमा कौशल हैं। इनकी अगुवाई में शहर के हर वार्ड में नशा निवारण समितियों का गठन किया जाएगा। मेयर सुरेंद्र चौहान ने कहा कि शिमला में नशे के मामले बढ़ते जा रहे हैं। ऐसे में वार्ड स्तर पर नगर निगम युवाओं को इससे दूर रखने के लिए प्रयास करेगा। इसमें पार्षदों की अगुवाई में समितियां गठित होंगी। वहीं निगम की सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता समिति इस तरह के मामलों का निपटारा करेगी। निगम हाऊस में इस मामले को चर्चा के लिए रखा जाएगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Jyoti M

Related News