मैक्लोडगंज में मनाया धर्मगुरु दलाईलामा का 87वां जन्मदिन, सीएम जयराम ने फोन पर दीं शुभकामानाएं

punjabkesari.in Wednesday, Jul 06, 2022 - 05:12 PM (IST)

धर्मशाला (नृपजीत निप्पी): तिब्बती धर्मगुरु दलाईलामा का 87वां जन्मदिन बुधवार को मैक्लोडगंज स्थित मुख्य बौद्ध मंदिर में मनाया गया, जहां पर हजारों की तादाद में तिब्बती समुदाय के लोगों सहित देश-विदेश के लोगों ने भाग लिया। दलाईलामा के जन्मदिन के मौके पर प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का व्यक्तिगत रूप से शामिल होने का पूर्व निधारित कार्यक्रम था लेेकिन प्रतिकूल मौसम के कारण इस तय कार्यक्रम में वह वर्चुअल माध्यम से शामिल हुए। उन्होंने दलाईलामा से दूरभाष के माध्यम से बातचीत की और उन्हें जन्मदिवस की शुभकामनाएं दीं तथा उनके उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की कामना की। सीएम ने वचुर्अली अपने संबोधन में कहा कि दलाईलामा धर्मशाला में रहकर देश व विश्व को शांति का संदेश दे रहे हैं। धर्मगुरु ने तिब्बत की ऐतिहासिक सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित किया है। तिब्बतियों के लिए अपना जीवन समर्पित किया। 
PunjabKesari

एंबैसेडर ऑफ पीस हैं दलाईलामा : राकेश पठानिया
वहीं दलाईलामा के जन्मदिन समारोह में सीएम की ओर से शामिल हुए वन मंत्री राकेश पठानिया ने कहा कि दलाईलामा एंबैसेडर ऑफ पीस हैं। हम ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया दलाईलामा का जन्मदिन मना रही है। विश्वभर में आज उत्सव का माहौल है। वन मंत्री ने कहा कि तिब्बतियों ने जो मुहिम चलाई है, भारत उस मुहिम में तिब्बतियों के साथ है। इस मौके पर तिब्बत निर्वासित सरकार के प्रधानमंत्री पेम्पा छेरिंग, धर्मशाला के विधायक विशाल नैहरिया व अन्य गण्यमान्य लोग मौजूद रहे। 
PunjabKesari

अमेरिका के अभिनेता रिचर्ड गेर भी हुए शामिल
तिब्बती धर्मगुरु दलाईलामा के 87वें जन्मदिन पर जहां तिब्बत निर्वासित सरकार के नेता मौजूद रहे, वहीं अमेरिका के अभिनेता रिचर्ड गेर भी मैक्लोडगंज पहुंचे हुए थे। रिचर्ड गेर ने कहा कि आज का दिन हम सभी के लिए खुशी का दिन है। विश्व में शांति का संदेश देने वाले धर्मगुरु दलाईलामा का आज जन्मदिन है। गेर ने कहा कि दलाईलामा उम्र के इस पड़ाव में भी ऊर्जावान हैं, जो तिब्बत की आजादी के लिए काम कर रहे हैं, तिब्बती लोगों की शिक्षा के लिए धर्मगुरु काम कर रहे हैं। गेर ने कहा कि जिस तरह दलाईलामा तिब्बतियों व पूरे विश्व के बारे में सोचते हैं, उस तरह आम इंसान सोचने लगे तो तनाव में आ जाए, हम भी उसी श्रेणी में हैं। उन्होंने कहा कि दलाईलामा महान विभूति हैं जोकि शांत मन से पूरे विश्व के बारे में सोचते हैं और दुनिया को शांति का संदेश देते हैं।
PunjabKesari

पेम्पा, पठानिया और रिचर्ड ने काटा केक
दलाईलामा के जन्मदिन पर चुगलाखंग बौद्ध मठ में केक भी काटा गया। जन्मदिन के लिए लाए गए केक को तिब्बत निर्वासित सरकार के प्रधानमंत्री पेम्पा छेरिंग, प्रदेश के वन मंत्री राकेश पठानिया और अमेरिकन अभिनेता रिचर्ड गेर ने काटा। 

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here
  


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News