Crime News: 48 घंटे...3 जगह और लाखों रुपए का चिट्टा बरामद, महिला सहित 7 तस्कर पहुंचे सलाखों के पीछे

punjabkesari.in Thursday, Jul 09, 2026 - 03:32 PM (IST)

बिलासपुर (बंशीधर): हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले में नशे के काले कारोबार पर पुलिस ने जबरदस्त कार्रवाई की है। जिला पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत महज 48 घंटे के भीतर तीन अलग-अलग जगहों पर एक महिला समेत 7 तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से कुल 24.53 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। बरामद चिट्टे की कीमत अवैध बाजार में लाखों रुपए बताई जा रही है। वहीं  पुलिस ने तीनों मामलों में एनडीपीएस एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज कर तस्करों के पूरे नैटवर्क को खंगालना शुरू कर दिया है।

कंदरौर में रिहायशी मकान में दबिश, 11.20 ग्राम चिट्टे के साथ 5 गिरफ्तार
पहले मामले में थाना सदर की टीम ने कंदरौर क्षेत्र के एक रिहायशी मकान में दबिश देकर 11.20 ग्राम चिट्टे के साथ 5 लोगों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने ये कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर अमल में लाई है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान सुरजीत सिंह उर्फ कालू निवासी गांव कंदरौर, तहसील सदर व जिला बिलासपुर, शंकर दयाल निवासी बल्ही-झलेड़ा, डाकघर बिनौला व जिला बिलासपुर, हंसराज निवासी घरबासड़ा, डाकघर चलैहली, तहसील घुमारवीं व जिला बिलासपुर, शीतल उर्फ डेजी निवासी डियारा व जिला बिलासपुर और विपिन कुमार निवासी मैहरन, डाकघर हरलोग, तहसील घुमारवीं  व जिला बिलासपुर के रूप  में हुई है। पुलिस ने पांचों आरोपियों के खिलाफ सदर थाने में केस दर्ज किया है।

कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर नाकाबंदी, बाइक सवार से 8.48 ग्राम चिट्टा बरामद
दूसरी मामले में स्पैशल डिटैक्शन टीम ने कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर एक बाइक सवार को 8.48 ग्राम चिट्टे के साथ दबोचा है।  जानकारी के अनुसार टीम ने पट्टा के समीप नाकाबंदी की हुई थी। इस दौरान एक  बाइक सवार को रोककर जब तलाशी ली गई तो उसके कब्जे से 8.48 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। इस मामले में पुलिस ने बाइक सवार अंकुर सैणी निवासी घरबासड़ा, डाकघर व तहसील बल्ह, जिला मंडी को गिरफ्तार किया है। इसके खिलाफ भी पुलिस थाना सदर में मामला दर्ज किया गया है।

पुराने सलापड़ पुल के पास 4.85 ग्राम चिट्टे के साथ तस्कर काबू
तीसरे मामले में बरमाणा थाना पुलिस ने पुराने सलापड़ पुल के पास नाका लगाया हुआ था। इसी दौरान पुलिस ने हरदयाल सिंह निवासी सलापड़, डाकघर सुदाहन, तहसील सुंदरनगर व जिला मंडी को चैकिंग के लिए रोका। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 4.85 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी हरदयाल को गिरफ्तार कर थाना बरमाणा में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

तस्करों की सप्लाई चेन खंगाल रही पुलिस : एसपी 
बिलासपुर के एसपी अभिषेक धीमान ने इन तीनों मामलों की पुष्टि करते हुए कड़ा संदेश दिया है। उन्होंने बताया कि पुलिस अब इन मामलों में मादक पदार्थ की खरीद-फरोख्त, सप्लाई चेन और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य सफेदपोश लोगों की भूमिका की गहन जांच कर रही है। एसपी ने स्पष्ट किया कि बिलासपुर पुलिस नशा तस्करी के खिलाफ जीरो टॉलरैंस की नीति अपनाते हुए लगातार प्रभावी कार्रवाई कर रही है। साथ ही उन्होंने आम जनता से अपील की है कि वे अपने आसपास होने वाली किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय पर एक्शन लिया जा सके।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News