Una News: तेज रफ्तार स्कूटी ने रौंदे राहगीर...कार ने बाइक सवार को मारी टक्कर, 3 अलग-अलग हादसों में 6 लोग घायल
punjabkesari.in Tuesday, Jun 30, 2026 - 03:11 PM (IST)
टाहलीवाल/अम्ब (गौतम/अश्विनी): हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के हरोली और अम्ब उपमंडल में रफ्तार का कहर देखने को मिला है। जिले में तीन अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में कुल 6 लोग घायल हो गए हैं। इनमें से एक बाइक सवार युवक की हालत बेहद नाजुक है, जिसे गंभीर चोटों के चलते एम्स बिलासपुर रैफर किया गया है। पुलिस ने तीनों मामलों में आरोपी चालकों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत लापरवाही से वाहन चलाने का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
नंगल खुर्द में पिकअप और बाइक की भयंकर टक्कर
पहला हादसा हरोली क्षेत्र के नंगल खुर्द में पेश आया। प्रत्यक्षदर्शी की शिकायत के अनुसार पिकअप चालक राकेश कुमार उर्फ केशी निवासी गोंदपुर जयचंद सड़क पर बिना दाएं-बाएं देखे लापरवाही से अपनी गाड़ी को दूसरी तरफ ले जाकर टाहलीवाल की ओर मोड़ने लगा। इसी दौरान टाहलीवाल की तरफ से आ रहे बाइक सवार शिव कुमार निवासी नंगल खुर्द की पिकअप से जोरदार टक्कर हो गई। गंभीर रूप से घायल शिव कुमार को तुरंत ऊना अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी नाजुक हालत को देखते हुए उसे एम्स बिलासपुर रैफर कर दिया है। एसपी ऊना सचिन हिरेमठ ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी पिकअप चालक के खिलाफ केस दर्ज कर आगामी कार्रवाई की जा रही है।
लोअर भंजाल में तेज रफ्तार स्कूटी ने राहगीरों को रौंदा, 4 घायल
दूसरा हादसा अम्ब उपमंडल के लोअर भंजाल में हुआ। एक स्थानीय किराना दुकानदार ने पुलिस को बताया कि उनके दो किरायेदार राज कुमार यादव और सुरेश कुमार दुकान के बाहर सड़क किनारे खड़े होकर बात कर रहे थे। तभी दौलतपुर चौक से अम्ब की तरफ आ रही एक तेज रफ्तार स्कूटी ने लापरवाही से दोनों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि दोनों राहगीरों के साथ-साथ स्कूटी चालक साहिल निवासी भागड़ा, मुकेरियां (पंजाब) और उसके पीछे बैठी युवती जसविंदर कौर भी सड़क पर गिरकर घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने 108 एंबुलेंस की मदद से चारों घायलों को सिविल अस्पताल अम्ब पहुंचाया। डीएसपी अम्ब अनिल पटियाल ने बताया कि आरोपी स्कूटी चालक साहिल के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
चुरूडू में कार ने बाइक को मारी टक्कर
तीसरी घटना अम्ब-ऊना हाईवे पर चुरूडू क्षेत्र में हुई। चम्बा जिले के तलेई निवासी 22 वर्षीय हिन्दर अपनी बाइक से चंडीगढ़ से अपने घर चम्बा लौट रहा था। चुरूडू पहुंचने पर अम्ब की तरफ से आ रही एक ऑल्टो कार ने गलत दिशा (रॉन्ग साइड) से ओवरटेक करते हुए लापरवाही से उसकी बाइक को टक्कर मार दी। इस हादसे में हिन्दर की दाहिनी टांग में फ्रैक्चर हो गया और शरीर पर अन्य गंभीर चोटें आईं। घायल युवक को उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में भर्ती करवाया गया है। डीएसपी अम्ब अनिल पटियाल ने बताया कि पुलिस ने कार चालक के खिलाफ बीएनएस की बनती धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

