ऊना में पुलिस को देख घबराए युवक, चेकिंग करने पर कार से चिट्टा बरामद, 3 युवक गिरफ्तार

punjabkesari.in Monday, Apr 06, 2026 - 04:22 PM (IST)

हिमाचल डेस्क। ऊना जिले में नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मैहतपुर पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। रविवार रात जब पुलिस टीम जखेड़ा रोड पर वाटर सप्लाई स्कीम के पास वाहनों की चेकिंग कर रही थी, तब एक संदिग्ध कार को रोका गया। पुलिस को देखकर कार में सवार तीन युवक घबरा गए, जिससे टीम का संदेह बढ़ गया। तलाशी लेने पर कार के भीतर से 6.30 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।

पकड़े गए युवकों की पहचान अभिषेक (निवासी टक्का), राहुल और महेश (दोनों निवासी कोटलां खुर्द) के रूप में हुई है। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया और उनके खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम (NDPS Act) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस अधीक्षक ऊना, सचिन हिरेमठ ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि जिले में नशा तस्करों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नशे के काले कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और आने वाले दिनों में पुलिस की यह सख्ती और बढ़ाई जाएगी। इस कार्रवाई के बाद से इलाके के लोगों ने पुलिस प्रशासन की मुस्तैदी की सराहना की है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Jyoti M

Related News