कांगड़ा में बड़ा हादसा, खड्ड में डूबने से साढ़े 4 वर्षीय बच्चे की मौत; परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
punjabkesari.in Tuesday, Jun 16, 2026 - 12:01 PM (IST)
Kangra News : हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है, जहां पर खड्ड में डूबने से एक साढ़े चार वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। वहीं, इस घटना के बाद मृतक बच्चे के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
कैसे हुआ हादसा?
जानकारी के मुताबिक, घटना जिले के पुलिस थाना नूरपुर के अंतर्गत जबर खड्ड की है। मृतक बच्चे की पहचान आबिद खान (उम्र साढ़े 4 वर्ष), पुत्र बिल्ला दीन, निवासी कयारी (ग्राम पंचायत भलून, नूरपुर) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सोमवार दोपहर को आबिद डेरे के समीप बहने वाली जबर खड्ड में नहा रहा था। इसी दौरान खड्ड में अचानक जलस्तर बढ़ गया और पानी का बहाव तेज हो गया। मासूम बच्चा इस तेज धारा को संभाल नहीं पाया और देखते ही देखते गहरे पानी में डूब गया। घटना की भनक लगते ही परिजनों में कोहराम मच गया और तुरंत मामले की सूचना स्थानीय प्रशासन को दी गई।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
प्रशासन ने मुस्तैदी दिखाते हुए राहत एवं बचाव कार्य के लिए राष्ट्रीय आपदा अनुक्रिया बल की टीम को तुरंत मौके के लिए रवाना किया। हालांकि, एनडीआरएफ की टीम के पहुंचने से पहले ही परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों ने खुद खड्ड में उतरकर बच्चे की तलाश शुरू कर दी। काफी मशक्कत के बाद, घटनास्थल से महज 50 मीटर की दूरी पर मासूम आबिद का शव पानी से बरामद हुआ। उपमंडलीय दंडाधिकारी नूरपुर, अरुण शर्मा ने इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि प्रशासन पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है। प्रभावित परिवार को नियमानुसार फौरी आर्थिक राहत प्रदान करने के लिए मंगलवार को संबंधित क्षेत्र के पटवारी को मौके पर भेजा जा रहा है। वहीं, इस घटना के बाद मृतक बच्चे के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

