Solan News: नालागढ़ में खनन माफिया पर बड़ा एक्शन, 2 JCB सहित 4 टिप्पर जब्त...₹4.50 लाख की पैनल्टी लगाई

punjabkesari.in Tuesday, Aug 11, 2026 - 03:51 PM (IST)

नालागढ़ (सतविन्द्र): औद्योगिक क्षेत्र नालागढ़ में अवैध खनन पर शिकंजा कसते हुए माइनिंग विभाग ने सोमवार और मंगलवार की रात अंदरोला खड्ड में कार्रवाई को अंजाम दिया। गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में अवैध रूप से खनिज का उत्खनन और परिवहन करते हुए 2 जेसीबी मशीनें और 4 टिप्पर पकड़े गए। मौके पर पहुंची प्रवर्तन टीम ने करीब 500 टन खनिज को खड्ड में ही अनलोड कराया।

जानकारी के अनुसार जिला माइनिंग अधिकारी सोलन दिनेश कुमार के नेतृत्व में माइनिंग विभाग की टीम को सूचना मिली थी कि अंदरोला खड्ड में रात के अंधेरे का फायदा उठाकर बड़े पैमाने पर अवैध खनन किया जा रहा है। सूचना मिलते ही टीम ने मौके पर पहुंचकर छापेमारी की। करीब सुबह 4:13 बजे जब प्रवर्तन दल मौके पर पहुंचा तो वहां 2 जेसीबी मशीनें खनिज निकालने के कार्य में लगी थीं, जबकि 4 टिप्परों में खनिज लोड किया जा रहा था। जांच में सामने आया कि तब तक लगभग 500 टन खनिज का अवैध उत्खनन कर उसे परिवहन के लिए तैयार किया जा चुका था।

माइनिंग विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए खनिज के अवैध परिवहन को रोक दिया। खनिज को सुरक्षित रखने और सरकारी संपत्ति की चोरी रोकने के उद्देश्य से टिप्परों में लोड सामग्री को विभागीय टीम की निगरानी में दोबारा अंदरोला खड्ड में ही अनलोड कराया गया। इसके बाद वाहनों और मशीनों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई शुरू की गई। विभाग ने इस मामले में कुल करीब 4.50 लाख रुपए की पैनल्टी निर्धारित की है। इसमें 2 जेसीबी मशीनों पर 50-50 हजार रुपए, 4 टिप्परों पर 25-25 हजार रुपए तथा लगभग 500 टन खनिज पर 500 रुपए प्रति टन के हिसाब से करीब 2.50 लाख रुपए का जुर्माना शामिल है।

जिला माइनिंग अधिकारी दिनेश कुमार ने बताया कि अवैध खनन और खनिज परिवहन की सूचना मिलने पर विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पूरी टीम के साथ छापेमारी की। उन्होंने कहा कि अवैध रूप से निकाले गए खनिज को जब्त कर उसका परिवहन रोक दिया गया है तथा संबंधित मशीनों और वाहनों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News