30% वेतन बढ़ोतरी पर अड़े सैहब कर्मचारी, MC प्रशासन की बढ़ सकती है दिक्कतें

Tuesday, May 07, 2019 - 04:21 PM (IST)

शिमला (वंदना): नगर निगम के सैहब सोसायटी कर्मचारी एक साथ 30 फीसदी की वेतन बढ़ौतरी पर अड़ गए है। इससे नगर निगम प्रशासन की दिक्कतें बढ़ गई है। सैहब कर्मचारियों ने स्पष्ट किया है कि यदि नगर निगम प्रशासन कर्मचारियों को 30 प्रतिशत वेतन बढ़ौतरी नहीं देता तो वीरवार से कर्मचारी कामकाज ठप्प कर देंगे। दरअसल सैहब गारबेज कलैक्टर अप्रैल माह से 10 प्रतिशत वेतन बढ़ोतरी की मांग कर रहे थे लेकिन इस महीने जो वेतन उन्हें दिया गया है उसमें 10 प्रतिशत वेतन बढ़ौतरी नहीं की गई है इस पर सैहब कर्मचारियों ने निगम प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। 

सैहब कर्मियों के इस बयान पर निगम प्रशासन की धुकधुकी बढ़ गई है। वहीं सैहब सोसायटी के साथ सुलह करने के लिए निगम आयुक्त ने बुधवार को कर्मचारियों के साथ विशेष बैठक बुलाई है इसमें सैहब कर्मियों की मांगों पर विस्तार से चर्चा की जानी है। सैहब कर्मचारियों की मांगे पूरी नहीं होने पर शहर में सफाई व्यवस्था ठप्प हो सकती है। वहीं सैहब सोसायटी यूनियन ने निगम की स्वास्थ्य अधिकारी व वित्त अधिकारी को बदलने की मांग भी निगम प्रशासन ने की है। यूनियन के अध्यक्ष जसवंत सिंह का कहना है कि निगम प्रशासन ने अप्रैल से 10 प्रतिशत वेतन बढ़ौतरी करने का आश्वासन दिया था, लेकिन अब प्रशासन अपने वायदे से मुकर गया है ऐसे में गारबेज कलैक्टरों में खासा रोष है।

कर्मचारी निगम के स्वास्थ्य अधिकारी व वित्त अधिकारी के साथ काम नहीं करना चाहते है ऐसे में दोंनो ही अधिकारियों को बदलने की मांग प्रशासन से कर रहे है। निगम आयुक्त ने मामले पर बुधवार को बैठक बुलाई है। बैठक में सैहब कर्मचारी एक साथ 30 फीसदी वेतन बढ़ौतरी के साथ इन दोनों अधिकारियों को बदलने की मांग की जाएगी। जसवंत सिंह ने कहा यदि प्रशासन इन दोनों अधिकारियों को नहीं बदलता है तो सैहब कर्मचारी काम काज छोड़ देगे। सैहब कर्मचारियों की इस मांग से नगर निगम प्रशासन कर दिक्कतें बढ़ सकती है।

जगह जगह लगे कूड़े के ढेर, कई घरों से नहीं उठ रहा कूड़ा

शहर में पहले से ही सफाई व्यवस्था चरमरा हुई है। शहर के अधिकतर घरों कूड़ा नहीं उठ रहा है। गारबेज कलैक्टर नियमित रूप से घरों से कूड़ा नहीं उठा रहे है जिससे सफाई व्यवस्था पटरी से उतर गई है। निगम प्रशासन को रोजाना कूड़ा नहीं उठने को लेकर शिकायतें मिल रही है। शहर में जगह जगह कूड़े के ढेर लगे हुए है जिससे गंदगी फैल रही है।

आज उठेगा घरों से कूड़ा

सैहब सोसायटी का कहना है कि बुधवार को घरों से कूड़ा उठाया जाएगा। इसके बाद प्रशासन के बैठक होगी। बैठक में यदि फैसला कर्मचारियों के हित में नहीं होगा तो वीरवार से सैहब कर्मचारी कामकाज बंद कर देंगे। सैहब सोसासटी कर्मचारियों के साथ उनकी मांगों को लेकर बुधवार को विशेष बैठक बुलाई गई है। बैठक में कर्मचारियों की मांगों पर चर्चा होगी। प्रशासन मामले को सुलझाने का प्रयास करेगा।

Ekta