Shimla: कार में हो रही थी चिट्टे की तस्करी, पुलिस ने ऐसे बिगाड़ा खेल...सलाखों के पीछे पहुंचे 3 आरोपी
punjabkesari.in Sunday, Jun 07, 2026 - 04:51 PM (IST)
रोहड़ू (कार्तिक): हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले में नशे के सौदागरों के खिलाफ पुलिस का जीरो टॉलरैंस अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में पुलिस थाना रोहड़ू की टीम को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस ने एक ऑल्टो कार से 5 ग्राम चिट्टा बरामद करते हुए 3 तस्करों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार रोहड़ू पुलिस थाने की एक टीम इलाके में नियमित गश्त पर थी। इसी दौरान पुलिस टीम को गुप्त सूचना मिली कि एक ऑल्टो कार में कुछ युवक नशीले पदार्थ की तस्करी कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत एक्शन में आई और रोहड़ू के समीप अढाल रोड पर नाकाबंदी कर वाहनों की चैकिंग शुरू कर दी। कुछ ही देर में संदिग्ध ऑल्टो कार वहां पहुंची। पुलिस ने जब कार को रोककर उसकी बारीकी से तलाशी ली तो वाहन के अंदर से लगभग 5 ग्राम चिट्टा/हैरोइन बरामद हुआ।
नशीला पदार्थ मिलते ही पुलिस ने कार में सवार तीनों युवकों को मौके पर ही हिरासत में ले लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान पुरस्कृत वर्मा (34) निवासी गांव माखीनाला, तहसील रोहड़ू व जिला शिमला, पवन कुमार शर्मा (31) निवासी गांव परसा, डाकघर लोअर कोटी, तहसील रोहड़ू व जिला शिमला और मनोज कुमार (40) पुत्र बाला नंद निवासी गांव शामोठ कठासू, डाकघर कठासू, तहसील जुब्बल व जिला शिमला के रूप में की गई है।
रोहड़ू पुलिस थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर तीनों को नियमानुसार गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं उनकी कार को भी कब्जे में लिया है। फिलहाल पुलिस तीनों आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वे यह चिट्टा कहां से लाए थे और इसे आगे किसे सप्लाई किया जाना था। इस गिरफ्तारी से इलाके में फैले नशे के नैटवर्क से जुड़े कई और राज खुलने की उम्मीद है।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

