Bilaspur News: बीयर और शराब की 207 पेटियाें से लदी जीप पकड़ी, नहीं था परमिट..चालक गिरफ्तार

punjabkesari.in Friday, Jun 26, 2026 - 04:24 PM (IST)

बिलासपुर (बंशीधर): जिला बिलासपुर पुलिस ने नशे और अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अपने विशेष अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने अवैध रूप से शराब ले जा रही एक पिकअप जीप को पकड़कर उसमें से कुल 207 पेटी बीयर और अंग्रेजी शराब बरामद की है। इस कार्रवाई के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत थाना सदर बिलासपुर में मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार सदर थाना पुलिस की एक टीम बीती रात मंडी-भराड़ी इलाके में नाकाबंदी कर वहां से गुजरने वाले वाहनों की नियमित चैकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक जीप (HP 23E-3587) वहां से गुजरी। पुलिस ने निरीक्षण के लिए जब उस वाहन को रोका और उसकी गहन तलाशी ली, तो गाड़ी के अंदर से बीयर की 200 पेटियां और अंग्रेजी शराब की 7 पेटियां बरामद हुईं।

इतनी बड़ी मात्रा में शराब मिलने पर पुलिस टीम ने वाहन चालक से शराब परिवहन का परमिट मांगा। जब चालक मौके पर कोई भी वैध कागजात या परमिट पेश करने में नाकाम रहा तो पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की। पुलिस ने अवैध शराब और जीप को अपने कब्जे में ले लिया। मामले में आरोपी चालक की पहचान 27 वर्षीय सुनील कुमार निवासी सुमाड़ी, डाकघर लैहरी सरेल, तहसील घुमारवीं व जिला बिलासपुर के रूप में हुई है, जिसे सदर थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

नशे के खिलाफ जारी रहेगा अभियान : एसपी
इस मामले पर जिला बिलासपुर के पुलिस अधीक्षक अभिषेक धीमान ने कहा कि जिले में अवैध शराब और नशे के कारोबार के खिलाफ यह अभियान लगातार और सख्ती से जारी रहेगा। इसके साथ ही उन्होंने आम जनता से भी अपील की है कि यदि उन्हें अपने आसपास अवैध शराब या नशे के कारोबार से जुड़ी कोई भी जानकारी मिलती है, तो वे तुरंत पुलिस को सूचित करें। ऐसा करने से समाज के ऐसे असामाजिक तत्वों के खिलाफ प्रभावी और सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जा सकेगी।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News