Shimla News: वर्ष 2027 में भाजपा के सत्ता में आने और कांग्रेस की जाने की बारी :  जेपी नड्डा

punjabkesari.in Friday, Jun 12, 2026 - 09:39 PM (IST)

शिमला (कुलदीप) : केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, रसायन एवं उर्वरक मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने कहा है कि हिमाचल प्रदेश में वर्ष, 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव में भाजपा के सत्ता में आने और कांग्रेस की जाने की बारी है। उन्होंने कहा कि शहरी निकाय एवं पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव में राज्य की जनता ने स्पष्ट जनादेश दे दिया है। ऐसे में अब भाजपा कार्यकर्त्ताओं को पूरी ताकत के साथ मेहनत करने की आवश्यकता है। जगत प्रकाश नड्डा भाजपा की तरफ से आयोजित 12 साल विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के अभियान के अंतर्गत शिमला में आयोजित बुद्धिजीवी सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार के 12 वर्ष विकसित भारत की मजबूत नींव को रखने वाले स्वर्णिम वर्ष हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से हिमाचल प्रदेश में स्वास्थ्य क्षेत्र की तस्वीर बदली है। आज हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर में एम्स के अलावा चम्बा, हमीरपुर और नाहन में मैडीकल कॉलेज स्थापित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सड़क निर्माण को विस्तार मिला है। इसके तहत राष्ट्रीय राजमार्गों, सुरंगों, फोरलेन परियोजनाओं और आधुनिक परिवहन नैटवर्क ने देश और प्रदेश की तस्वीर बदल दी है। उन्होंने कहा कि आज हिमाचल प्रदेश में 14,400 किलोमीटर से अधिक ग्रामीण सड़क नैटवर्क को विकसित किया गया है। सम्मेलन में सांसद सुरेश कश्यप, हर्ष महाजन व डा. सिकंदर कुमार के अलावा सतपाल सिंह सत्ती, त्रिलोक जम्वाल, जीतराम कटवाल, संजीव कटवाल और पायल वैद्य के अलावा अलग-अलग क्षेत्र से जुड़े बुद्धिजीवी लोग शामिल थे।

केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि वर्ष, 2014 से पहले देश की राजनीति जातिवाद, परिवारवाद, तुष्टीकरण और भ्रष्टाचार के इर्द-गिर्द घूमती थी। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी ने प्रधानमंत्री बनने के बाद इस सोच को बदलते हुए राजनीति को सेवा, सुशासन और जवाबदेही का माध्यम बनाया। आज आम नागरिक भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाने का साहस करता है, क्योंकि उसे विश्वास है कि सरकार उसकी सुनेगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News